*_यूपी के बहराइच में घर के ही लाल ने बिछा दी लाशें,जमीन बिक्री का पैसा न मिलने से नाराज बेटे ने मां-बाप, दादी व बहन की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी_*

*_यूपी के बहराइच में घर के ही लाल ने बिछा दी लाशें,जमीन बिक्री का पैसा न मिलने से नाराज बेटे ने मां-बाप, दादी व बहन की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी_*
बहराइच: यूपी के बहराइच जनपद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. इसमें जमीन बिक्री का पैसा न मिलने से नाराज बेटे ने मां-बाप, दादी व बहन की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी है. इससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है.सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं, एहतिहात के तौर पर भारी संख्या में गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है. हत्या आरोपी को चोटें आई हैं, जिसे पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए भेजा गया है.
जनपद के रुपईडीहा थाना क्षेत्र के बसंतपुर रुदल राम गांव इलाके में पैसों के लिए सनकी बेटे ने कुल्हाड़ी से हत्या कर चार लोगों को मौत के घाट उतार दिया. सभी घायल चीखते-चिल्लाते रहे, मगर वहशी बेटा तब तक शांत नहीं हुआ, जब तक सभी की मौत नहीं हो गई.
एसपी ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी को अभियुक्त निरंकार के भाई गुरुदेव ने ये रिपोर्ट लिखाई है. रिपोर्ट के मुताबिक रामगांव में रात करीब 12 बजे शोर सुनकर जब गुरुदेव अपने कमरे से बाहर आया, तो उसने देखा कि उसका छोटा भाई निरंकार पिता द्वारा बेची गयी जमीन व गहने के पैसे को लेकर विवाद कर रहा था. इसी दौरान आवेश में आकर निरंकार ने कुल्हाड़ी से हमला कर माता-पिता, दादी और बहन को गम्भीर रूप से घायल कर दिया. इसके बाद हमले में घायल चारों की मौत हो गई.
रिपोर्ट के अनुसार निरंकार ने इसके साथ ही जान से मारने की नीयत से कुल्हाड़ी से गुरुदेव के सिर पर भी वार किया. इस वारदात के समय गुरुदेव का लड़का आजाद भी वहां था. आजाद के शोर मचाने पर गांव के लोग भी आ गये.बताते हैं कि इस बीच हमलावर निरंकार ने अपने सिर पर ईंट से कई बार प्रहार कर खुद को भी घायल कर लिया. भाई गुरुदेव पुत्र बदलू वर्मा द्वारा लिखित सूचना पर थाना रूपईडीहा पर धारा-103(1)/109(1) बी0एन0एस0 बनाम निरंकार पुत्र बदलू राम पर एफआईआर दर्ज हुई है.

वहीं मौके से पुलिस ने आरोपी निरंकार को हिरासत में लेकर जिला अस्पताल, बहराइच में इलाज के लिए भर्ती कराया, जहां से उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया.दूसरी ओर वादी गुरुदेव का इलाज प्राथमिक उपचार केन्द्र चरदा, रूपईडीहा में चल रहा है. घटना स्थल का निरीक्षण पुलिस अधीक्षक, बहराइच व अन्य अधिकारियों व फोरेन्सिक टीम द्वारा किया गया.

घटना में मृत बदलू राम पुत्र राम फेरन उम्र 60 वर्ष, संजू देवी पत्नी बदलू राम उम्र 56 वर्ष, पार्वती पुत्री बदलू राम उम्र लगभग 42 वर्ष, सिताला पत्नी राम फेरन उम्र 80 वर्ष का शव पंचायतनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय, बहराइच भेज दिया गया है.

प्राथमिक जांच में घटना अभियुक्त निरंकार द्वारा अपने पिता द्वारा बेची गयी जमीन का पैसा उसको अभियुक्त को न दिये जाने के कारण तात्कालिक रूप से उत्पन्न वाद-विवाद व आक्रोश के कारण होना पाया जा रहा है. पुलिस सभी बिन्दुओं पर गम्भीरता पूर्वक विवेचना/साक्ष्य संकलन कर रही है.

Advertisement
Advertisement
Advertisement