राम मंदिर ट्रस्ट की 6 जुलाई की बैठक पर सबकी नजर, SIT की अंतरिम रिपोर्ट पर होगी चर्चा
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की 6 जुलाई को प्रस्तावित बैठक राम मंदिर में दान राशि के कथित गबन प्रकरण के बीच काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बैठक दोपहर तीन बजे मणिराम दास छावनी में आयोजित होगी। जारी एजेंडे के अनुसार बैठक में सबसे पहले ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा के त्यागपत्र पर विचार किया जाएगा।
बैठक में दान-पात्रों से प्राप्त राशि की गणना से संबंधित एसआईटी की अंतरिम जांच रिपोर्ट पर भी चर्चा प्रस्तावित है। एजेंडे में जांच रिपोर्ट शामिल होने के बाद यह सवाल उठ रहे हैं कि क्या एसआईटी ने अपनी अंतरिम रिपोर्ट आधिकारिक रूप से ट्रस्ट को सौंप दी है। यदि ऐसा हुआ है तो जांच प्रक्रिया के दौरान रिपोर्ट ट्रस्ट को उपलब्ध कराए जाने को लेकर विभिन्न स्तरों पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बैठक में मंदिर प्रबंधन की नई व्यवस्था, रिक्त पदों पर नियुक्ति तथा अन्य प्रशासनिक विषयों पर भी विचार-विमर्श होने की संभावना है।
इस बीच बैठक की सूचना को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि के नाम से जारी बैठक सूचना पर हस्ताक्षर अथवा डिजिटल हस्ताक्षर नहीं होने का दावा किया जा रहा है। इससे पहले चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्रा के कथित त्यागपत्र से संबंधित पत्र को लेकर भी इसी तरह के सवाल उठे थे।
बैठक की अध्यक्षता को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास के लखनऊ में उपचाराधीन होने के कारण उनके बैठक में शामिल होने पर संशय बना हुआ है। ऐसे में यदि वह उपस्थित नहीं होते हैं तो बैठक की अध्यक्षता कौन करेगा, इसे लेकर भी चर्चाओं का दौर जारी है।







