*_बिहार में भीषण सड़क हादसा, मां-बेटे समेत 4 लोगों की दर्दनाक मौत_*
अररिया: बिहार के अररिया में दर्दनाक हादसा हुआ है. जिले के नगर थाना क्षेत्र के कुसियार गांव के पास एनएच-57 पर एक साइकिल सवार को बचाने में डिवाइडर से टकराकर स्कॉर्पियो ने पलट गया. इस हादसे में स्कॉर्पियो सवार 4 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायस हैं. मरने वालों में एक महिला भी शामिल हैं.
कैसे हुआ हादसा?: चश्मदीदों के मुताबिक एक्सीडेंट साइकिल सवार बचाने के चक्कर में हुआ. स्कॉर्पियो सवार ने पहले उस साइकिल सवार को टक्कर मारी, फिर बेकाबू होकर दूसरे लेन में जाकर एक कार से टकराते हुए पलट गई. इस घटना में कार में सवार 4 लोग भी घायल हुए हैं. सातों घायलों को अररिया सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
मृतक की पहचान पूर्णिया जिले के अमौर प्रखंड के सकमा बिशनपुर गांव के रहने वाले 70 वर्षीय मायानंद झा, 45 वर्षीय गौतम कुमार ठाकुर और 60 वर्षीय शांति देवी के रूप में हुई है. शांति और गौतम मां-बेटे थे, जबकि मायानंद गौतम के चाचा थे. इसके अलावे घटना में गैयारी निवासी 25 वर्षीय साइकिल सवार मोहम्मद कोनैन की भी हादसे में जान गई है.
श्राद्ध में शामिल होने जा रहे थे सभी: घायलों में जवाहर झा (60 वर्ष), लक्ष्मी ठाकुर (43 वर्ष) और मधु लता देवी (55 वर्ष) शामिल हैं. परिजनों ने बताया कि ये लोग रिश्तेदार के श्राद्ध कर्म में शामिल होने रामनगर जा रहे थे. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
“सभी लोग मामा के श्राद्धकर्म में शामिल होने के लिए रामनगर जा रहे थे. इसी दौरान कुसियारगांव स्थित बायोडायवर्सिटी पार्क के पास साइकिल सवार को बचाने में एक्सीडेंट हो गया.”- जवाहर झा, घायल







