*_बिहार में BJP नेता को अपराधियों ने गोलियों से भूना, SP ने थानाध्यक्ष को किया निलंबित_*

Spread the love

*_बिहार में BJP नेता को अपराधियों ने गोलियों से भूना, SP ने थानाध्यक्ष को किया निलंबित_*

समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले में अपराधियों ने भाजपा नेता रूपक सहनी की ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या कर दी है. अपराधियों ने घटना को खानपुर थाना क्षेत्र के शादीपुर घाट में अंजाम दिया है.

बीजेपी नेता की गोली मारकर हत्या: बुधवार देर शाम की यह वारदात शादीपुर गांव में मंदिर के पास एक दुकान पर हुई. मृतक की पहचान लगभग 24 वर्षीय रूपक सहनी के रूप में हुई है. रूपक सहनी भाजपा के बूथ अध्यक्ष थे और शादीपुर पंचायत के अध्यक्ष भी रह चुके थे. वह अपने भाई दीपक सहनी के साथ लंबे समय से पार्टी से जुड़े हुए थे, जो भाजपा जिला आईटी सेल के संयोजक हैं.

3-4 अपराधियों ने की फायरिंग: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रूपक सहनी दुकान पर बैठे थे जब 3-4 बदमाश पहुंचे और उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. गोलियां लगने से रूपक गंभीर रूप से घायल हो गए. अपराधी फायरिंग के बाद पैदल ही फरार हो गए.

इलाज के दौरान मौत: स्थानीय लोगों ने घायल रूपक को तुरंत खानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. रूपक को कई गोलियां लगी थी, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई थी.

एसपी ने थानाध्यक्ष को किया निलंबित: घटना की सूचना मिलते ही जिले के पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह खुद मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस ने पुरानी रंजिश के आधार पर दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. लापरवाही के आरोप में खानपुर थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया गया है.

एसपी ने बताई वारदात की वजह!: एसपी ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी थाने में शिकायत दर्ज थी. जांच में पुरानी दुश्मनी सामने आ रही है, हालांकि राजनीतिक कारण अभी स्पष्ट नहीं हैं. घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और पुलिस बल तैनात किया गया है. प्रत्यक्षदर्शियों से बयान लिए जा रहे हैं तथा सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है.

“बीजेपी नेता रूपक सहनी की अपराधियों ने हत्या कर दी है. इस मामले में पहले भी दो पक्षों के बीच से थाने में आवेदन दिया गया था. पुलिस आरोपी पक्ष के दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. खानपुर थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया गया है.”-अरविंद प्रताप सिंह, एसपी

जांच के लिए स्पेशल टीम गठित: पुलिस ने स्पेशल टीम गठित कर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है. हत्या के मकसद का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की छानबीन हो रही है. भाजपा नेताओं ने घटना की कड़ी निंदा की है और दोषियों को शीघ्र सजा की मांग की है.


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *