*_’3 महीने के भीतर अपराधियों को बिहार छोड़ना होगा’, सम्राट चौधरी का खुला ऐलान_*
पटना : विधि व्यवस्था बिहार के लिए बड़ी चुनौती रही है. अपराध नियंत्रण को लेकर सरकार गंभीर भी है. राज्य में सुशासन लाने के लिए गृह मंत्री सम्राट चौधरी लगातार अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं. सम्राट चौधरी ने स्पष्ट रूप से कहा है कि जो भी अपराधी अपराध करेंगे उन्हें बिहार छोड़ना होगा.
”अपराधी बिहार छोड़कर भाग रहे हैं. जो बचे हुए हैं उनको अगले तीन महीने में बिहार छोड़ने पर मजबूर कर दूंगा. क्योंकि बिहार को सुशासन चाहिए.”- सम्राट चौधरी, गृह मंत्री, बिहार
पटना के कार्यक्रम में पहुंचे थे उपमुख्यमंत्री : पटना के विद्यापति भवन में कैप्टन जय नारायण निषाद की पुण्यतिथि में कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कैप्टन जैन नारायण निषाद को पिछड़ों और पिछड़ों का मसीहा करार दिया. सम्राट चौधरी ने कहा कि कैप्टन जय नारायण निषाद की आदमकद मूर्ति लगायी जाएगी. इसी दौरान उन्होंने अपराधियों को चेतावनी दी.
‘मैं कचड़ा साफ कर रहा हूं’ : सम्राट चौधरी ने कहा कि अब मेरे पास एक ही काम रह गया है, वह है कचरा साफ करना, वो मैं कर रहा हूं. दरअसल बालू माफिया, शराब माफिया और संगठित आपराधिक गिरोह को लेकर सरकार रणनीति बना रही है. उनके द्वारा अर्जित की गई अवैध संपत्ति को जब्त करने की प्रक्रिया भी जारी है. 1500 से अधिक माफिया को चिन्हित किया गया है. 350 से अधिक माफिया के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है. तमाम आपराधिक गिरोह के सरगना की संपत्ति आने वाले दिनों में सरकार जब्त करने की तैयारी में है.
संगठित अपराध सरकार के लिए चुनौती : पहली बार भाजपा को बिहार में गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी मिली है. सम्राट चौधरी को विभाग का मंत्री बनाया गया है. सम्राट चौधरी के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी है. अपराध नियंत्रण को लेकर गृह मंत्री सम्राट चौधरी लगातार पुलिस मुख्यालय में योजना बना रहे हैं. सम्राट चौधरी की प्राथमिकताओं में संगठित आपराधिक गिरोह है.
‘अपराधियों का होगा पिंडदान’ : पिछले दिनों सम्राट चौधरी अपराध को लेकर कई बयान दे चुके हैं जो सुर्खियों में रहा. इसके अलावा चुनाव के दौरान भी सम्राट चौधरी ने अपराध नियंत्रण को लेकर कई तरह के वायदे किए थे. सम्राट चौधरी ने कहा था कि जो भागा वो बचा, जो नहीं भागा उसे 3 महीने में भगा दूंगा. सम्राट चौधरी ने यह भी कहा था कि जो अपराधी बिहार में रहेंगे उनका पिंडदान होना तय है.
सम्राट चौधरी ने यह भी संकेत दिए थे कि जमीन, बालू, भूमि अथवा अन्य माफियाओं सहित कुख्यात अपराधियों पर भी कार्रवाई की जाएगी और कहा कि और स्पीडी ट्रायल के बाद सजा दी जाएगी. बुलडोजर को लेकर भी सम्राट चौधरी सुर्खियों में रहे हैं. गृह मंत्री ने कहा था कि बिहार अपराधियों के लिए सुरक्षित जगह नहीं है.







