### *नंदा गौरा योजना की आवेदन तिथि बढ़ाने की पैरवी, महापौर ने डीएम से की वार्ता*
*लेखपालों के कार्य बहिष्कार से प्रमाण-पत्र बनाने में आ रही दिक्कत, पात्र बालिकाओं को राहत दिलाने का प्रयास*
रुद्रपुर। लेखपालों के कार्य बहिष्कार के चलते नंदा गौरा योजना के आवेदन के लिए जरूरी प्रमाण-पत्र और राजस्व अभिलेख उपलब्ध नहीं हो पाने से परेशान पात्र बालिकाओं को राहत दिलाने के लिए महापौर विकास शर्मा ने आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने की पैरवी की है। इस संबंध में महापौर ने जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया से वार्ता कर प्रभावित बालिकाओं की समस्या उठाई। जिलाधिकारी ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए शासन से आवेदन की समयसीमा एक माह बढ़ाने का अनुरोध किया है। महापौर की ओर से भी शासन स्तर पर पैरवी किए जाने के बाद 30 नवंबर की निर्धारित अंतिम तिथि बढ़ाए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि लेखपालों के कार्य बहिष्कार के कारण लोगों को आवश्यक प्रमाण-पत्र और राजस्व संबंधी अभिलेख प्राप्त करने में परेशानी हो रही है। इसका असर नंदा गौरा योजना के लिए आवेदन करने वाली पात्र बालिकाओं पर भी पड़ रहा है। कई बालिकाएं जरूरी दस्तावेज समय पर उपलब्ध नहीं होने के कारण निर्धारित समयसीमा में आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं कर पा रही हैं। ऐसे में आवेदन की तिथि नहीं बढ़ाई गई तो अनेक पात्र बालिकाएं प्रशासनिक बाधाओं के चलते योजना के लाभ से वंचित रह सकती हैं।
उन्होंने कहा कि नंदा गौरा योजना प्रदेश सरकार की बेटियों के भविष्य, शिक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण से जुड़ी महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है। इसके माध्यम से पात्र बालिकाओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर उनके भविष्य को संवारने का प्रयास किया जा रहा है। इसलिए यह जरूरी है कि किसी भी पात्र बेटी को दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने जैसी परिस्थितियों के कारण योजना का लाभ लेने से वंचित न रहना पड़े।
महापौर ने बताया कि उन्होंने जिलाधिकारी के समक्ष इस समस्या को प्रमुखता से उठाया है। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने भी शासन से आवेदन की अंतिम तिथि एक माह बढ़ाने का अनुरोध किया है। इसके साथ ही शासन स्तर पर भी समयसीमा बढ़ाने को लेकर वार्ता और पैरवी की गई है।
महापौर विकास शर्मा ने भरोसा दिलाया कि पात्र बालिकाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए आवेदन की समयसीमा बढ़वाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि शासन जल्द ही इस संबंध में सकारात्मक निर्णय लेगा, ताकि प्रभावित बालिकाओं को आवश्यक दस्तावेज जुटाकर आवेदन पूरा करने का पर्याप्त अवसर मिल सके।



