### *एक रात में पांच थाना क्षेत्रों की शराब दुकानों में चोरी का खुलासा, गैंग का सरगना गिरफ्तार*
*गाजियाबाद से खुश मोहम्मद उर्फ खुशी गिरफ्तार, चोरी में प्रयुक्त बलेनो कार और चार हजार रुपये बरामद*
रुद्रपुर। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पुलभट्टा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने एक ही रात में पांच थाना क्षेत्रों की शराब दुकानों में चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए गैंग के मुख्य सरगना खुश मोहम्मद उर्फ खुशी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त मारुति सुजुकी बलेनो कार और करीब चार हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 31 अक्टूबर 2026 को थाना पुलभट्टा क्षेत्र में नेशनल हाईवे स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान के लाइसेंसधारी मुन्ना सिंह पुत्र स्वर्गीय हंसराज ने तहरीर देकर बताया था कि रात में अज्ञात चोर दुकान के ताले तोड़कर नकदी चोरी कर ले गए। तहरीर के आधार पर थाना पुलभट्टा में मुकदमा अपराध संख्या 183/2026, धारा 305 और 331(4) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान सामने आया कि 31 अक्टूबर की रात गैंग ने सितारगंज, पुलभट्टा, किच्छा, ट्रांजिट कैंप और रुद्रपुर थाना क्षेत्रों में शराब की दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। घटनाओं के खुलासे के लिए एसएसपी ने पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर के नेतृत्व में टीम गठित की।
पुलिस टीम ने विभिन्न थाना क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो सभी घटनाओं में एक ही गैंग की संलिप्तता सामने आई। चोरी की घटनाओं में मारुति सुजुकी बलेनो कार का इस्तेमाल किया गया था। जांच में गैंग की हल्द्वानी में भी एक दुकान में चोरी की घटना में संलिप्तता सामने आई। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों के फोटो तैयार कर सीमावर्ती जनपदों और उत्तर प्रदेश में साझा किए गए।
जांच में आरोपियों के गाजियाबाद निवासी होने की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम वहां भेजी गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए गैंग के मुख्य षड्यंत्रकारी खुश मोहम्मद उर्फ खुशी पुत्र स्वर्गीय सुक्खे उर्फ जरीफ, निवासी भोजपुर, थाना भोजपुर, जिला गाजियाबाद को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त बलेनो कार और करीब चार हजार रुपये नकद बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटनाओं में अपने भाई आस मोहम्मद उर्फ आंसू और साथी कार्तिक शर्मा पुत्र प्रमोद शर्मा तथा अतुल त्यागी पुत्र सुरेंद्र त्यागी, निवासी गाजियाबाद, की संलिप्तता बताई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में भी मुकदमे दर्ज हैं, जिनका विवरण जुटाया जा रहा है।
गिरफ्तारी टीम में उप निरीक्षक ओमप्रकाश नेगी के नेतृत्व में थाना पुलभट्टा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम शामिल रही।



