*ग्रामीण जनसंवाद में छह गांवों पहुंचे विधायक बेहड़, 90.59 लाख के विकास कार्यों की सौगात* *लालपुर एसडीओ को खुले मंच से चेतावनी, बोले- विधानसभा क्षेत्र में अधिकारियों की मनमानी नहीं चलने दूंगा*

### *ग्रामीण जनसंवाद में छह गांवों पहुंचे विधायक बेहड़, 90.59 लाख के विकास कार्यों की सौगात*

 

*लालपुर एसडीओ को खुले मंच से चेतावनी, बोले- विधानसभा क्षेत्र में अधिकारियों की मनमानी नहीं चलने दूंगा*

 

किच्छा। ग्रामीण जनसंवाद कार्यक्रम के तहत विधायक तिलक राज बेहड़ ने सोमवार को ग्राम मिलक, पक्की खमरिया, सैंजनी, लंका, मलसी और रामनगर पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण का भरोसा दिलाया। साथ ही करीब 90.59 लाख रुपये की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास कर ग्रामीणों को सौगात दी।

 

विधायक बेहड़ ने ग्राम मलसी में मंदिर से मंगल दल तक करीब 700 मीटर लंबी सड़क के निर्माण कार्य का 75.40 लाख रुपये की लागत से शिलान्यास किया। इसके अलावा मलसी में प्रेम प्रकाश के घर से हरिप्रकाश के घर तक 3.07 लाख रुपये की लागत से निर्मित सीसी सड़क, रामनगर में मदन मोहन शर्मा के घर के पास 1.17 लाख रुपये की लागत से बनी पुलिया एवं सीसी रैंप और सैंजनी में डामर रोड से 130 मीटर लंबी 10.95 लाख रुपये की लागत से निर्मित सीसी सड़क का लोकार्पण किया।

 

जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने खाद की किल्लत, स्मार्ट मीटर से अधिक बिजली बिल आने, बिजली विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली और प्रमाण पत्र नहीं बनने जैसी समस्याएं उठाईं। विधायक ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार जनता की बुनियादी समस्याओं का समाधान करने में विफल साबित हो रही है।

 

लालपुर एसडीओ पर लगाया भेदभाव का आरोप

 

बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए विधायक बेहड़ ने लालपुर के एसडीओ पर राजनीतिक भेदभाव करने और विधानसभा क्षेत्र के लोगों को जानबूझकर परेशान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि रविवार को गांव पहुंचकर गरीब परिवारों के चालान काटे गए। जिला पंचायत सदस्य गुरदास कालरा के साथ एसडीओ के कथित व्यवहार पर भी उन्होंने नाराजगी जताई।

 

विधायक ने खुले मंच से एसडीओ को चेतावनी देते हुए कार्यप्रणाली में सुधार करने और जनता को परेशान करना बंद करने को कहा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि यदि बिजली विभाग का कोई अधिकारी गांव में आकर मनमानी करता है या अनावश्यक रूप से परेशान करता है तो तत्काल उन्हें सूचना दें। कहा कि जनता के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी और जरूरत पड़ने पर वह स्वयं मौके पर पहुंचकर विरोध दर्ज कराएंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी विभाग की मनमानी और अधिकारियों की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

खाद की किल्लत से प्रभावित हो रही गेहूं की बुवाई

 

किसानों की समस्याओं को लेकर विधायक बेहड़ ने कहा कि गेहूं की बुवाई का महत्वपूर्ण समय चल रहा है, लेकिन किसान खाद के लिए परेशान हैं। खेतों की जुताई हो चुकी है और किसान बुवाई के लिए तैयार हैं, मगर खाद उपलब्ध नहीं होने से काम प्रभावित हो रहा है। किसानों को यूरिया का एक कट्टा तक आसानी से नहीं मिल पा रहा है।

 

उन्होंने खाद की कालाबाजारी का आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों को खाद के लिए भटकना पड़ रहा है। सरकार ऑनलाइन खाद वितरण व्यवस्था की बात कर रही है, जबकि पहले किसान आसानी से खाद प्राप्त कर लेते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि खाद की कालाबाजारी हो रही है और खाद औद्योगिक इकाइयों तक पहुंचाई जा रही है, जबकि किसान परेशान हैं।

 

बेहड़ ने कहा कि एक ओर हरिद्वार में भाजपा सरकार 65 पार का नारा दे रही है, वहीं दूसरी ओर किसानों को खाद नहीं मिल रही, बच्चों के प्रमाण पत्र नहीं बन रहे, पटवारियों की हड़ताल से दाखिले प्रभावित हो रहे हैं और खतौनियों में नाम दर्ज कराने में लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को राजनीतिक नारेबाजी के बजाय जनता की समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिए।

 

कार्यक्रम में किच्छा नगर पालिका अध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह, सरवर यार खां, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गुलशन सिंधी, जिला पंचायत सदस्य गुरदास कालरा, सर्वेश सिंह, मेजर सिंह, दलजीत खुराना, मदन मोहन शर्मा, राजेंद्र प्रधान, हरविंद्र सिंह, राजेंद्र दास, गज्जन सिंह, प्यारा सिंह, निशान सिंह, त्रिलोक, इंद्रजीत सिंह, सौरभ शर्मा, कुलदीप सिंह, हरभगवान, बलविंद्र सिंह, युसफ, सरताज और सुखदेव सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement