### *कच्छ सड़क हादसे में मृत सैनिकों और परिजनों के शव कोटद्वार पहुंचे, सैन्य सम्मान के साथ छह लोगों का अंतिम संस्कार*
– *तीन परिवारों के छह सदस्यों की मौत से क्षेत्र में पसरा मातम, अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब*
कोटद्वार। गुजरात के कच्छ में हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले दो सैनिकों और उनके परिवार के चार सदस्यों के पार्थिव शरीर सोमवार तड़के सेना के वाहनों से कोटद्वार के कौड़िया स्थित सेना कैंप लाए गए। यहां से सैनिकों और उनके परिजनों के पार्थिव शरीर उनके आवासों पर पहुंचाए गए। अपनों के शव देखकर परिजन बिलख पड़े। तीन परिवारों के छह सदस्यों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम दर्शनों के बाद सभी छह लोगों का पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए।
द्वितीय गढ़वाल राइफल्स में तैनात नायक सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता नेगी (30) और तीन माह की बेटी शिविका के पार्थिव शरीर पदमपुर सुखरो के ध्रुवपुर स्थित उनके आवास पर पहुंचाए गए। यहां गढ़वाल राइफल्स के जवानों ने उन्हें सलामी दी। तीनों के पार्थिव शरीर घर पहुंचते ही परिजनों का विलाप सुनकर माहौल गमगीन हो गया। मोहल्ले में मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
वहीं, नायक नितिन गुसाईं की पत्नी रिंकी गुसाईं (30) और चार वर्षीय बेटी वामिका के पार्थिव शरीर मोटाढाक के शिवराजपुर स्थित आवास पर लाए गए। मां-बेटी के शव देखकर परिजन फफक पड़े। परिवार के सदस्यों को रोता देख आसपास मौजूद लोग भी भावुक हो उठे।
हादसे में द्वितीय गढ़वाल राइफल्स में तैनात नायक राजेश सिंह रावत (34) और उनकी आठ वर्षीय बेटी रक्षिता की भी मौत हो गई। सेना के जवान उनके पार्थिव शरीर लेकर सिमलचौड़ स्थित आवास पहुंचे। पिता और बेटी के निधन से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। इस दुखद घटना से पूरा क्षेत्र स्तब्ध नजर आया।
तीनों परिवारों में अंतिम दर्शन के बाद सभी छह पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए मुक्तिधाम ले जाए गए। यहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए और नम आंखों से दिवंगतों को अंतिम विदाई दी।



