### *मुख्यमंत्री धामी ने बैकुंठ चतुर्दशी मेले का किया शुभारंभ, दस दिन तक श्रीनगर में सजेगा सांस्कृतिक उत्सव*
* *लोक संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और विकास प्रदर्शनी के संगम से सजा आवास विकास मैदान*
* *कमलेश्वर महादेव मंदिर की करीब 40 चरण पादुकाएं समेटे हैं महंत परंपरा का ऐतिहासिक गौरव*
श्रीनगर गढ़वाल। प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी का सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधिवत शुभारंभ किया। आवास विकास मैदान में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह को आकर्षक बनाया। दस दिवसीय मेले में धार्मिक, सांस्कृतिक, खेल गतिविधियों और विकास प्रदर्शनी के माध्यम से क्षेत्र की लोक परंपराओं तथा सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी।
शुभारंभ के बाद मुख्यमंत्री ने मेले में आयोजित कार्यक्रमों का अवलोकन किया तथा विभिन्न विभागों और संस्थाओं की ओर से लगाए गए स्टालों का निरीक्षण कर संचालकों से जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय उत्पादों, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनों का जायजा लेते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला गढ़वाल की समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। ऐसे आयोजन लोक परंपराओं, आस्था और सांस्कृतिक पहचान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। श्रीनगर का यह मेला धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक एकता, लोक कला और सांस्कृतिक विविधता को भी मंच प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान यहां के प्राचीन मंदिरों, धार्मिक परंपराओं, लोक संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहरों से है। इन विरासतों का संरक्षण और संवर्धन सामूहिक जिम्मेदारी है। राज्य सरकार धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण के साथ पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। धार्मिक मेले और सांस्कृतिक आयोजन स्थानीय कलाकारों, हस्तशिल्पियों, व्यापारियों तथा युवाओं को प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से मेले के माध्यम से क्षेत्र की धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने की अपील की।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी, नगर निगम श्रीनगर की महापौर आरती भंडारी सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
### 40 चरण पादुकाओं में समेटी है कमलेश्वर मंदिर की महंत परंपरा
बैकुंठ चतुर्दशी मेले के दौरान श्रीनगर के पौराणिक कमलेश्वर महादेव मंदिर की ऐतिहासिक और धार्मिक विरासत भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। मंदिर परिसर में संरक्षित करीब 40 चरण पादुकाएं यहां की सदियों पुरानी महंत परंपरा और इतिहास को समेटे हुए हैं। इन पादुकाओं पर उत्कीर्ण नाम, कार्यकाल और संवत के उल्लेख मंदिर की ऐतिहासिक परंपरा की महत्वपूर्ण कड़ियों को सामने लाते हैं।
ये चरण पादुकाएं उन महंतों और धर्म से जुड़े विशिष्ट व्यक्तित्वों की स्मृतियों को संरक्षित किए हुए हैं, जिन्होंने विभिन्न कालखंडों में मंदिर की धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाया। इन पर दर्ज विवरण मंदिर के इतिहास के साथ तत्कालीन धार्मिक और सामाजिक परिवेश की जानकारी भी देते हैं। कमलेश्वर महादेव मंदिर की यह विरासत श्रीनगर की धार्मिक पहचान को विशिष्ट बनाती है। दस दिवसीय बैकुंठ चतुर्दशी मेला धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और ऐतिहासिक धरोहरों के संगम के रूप में क्षेत्र की पहचान को सामने ला रहा है।



