*गड्ढामुक्त सड़कों के बाद अब रुद्रपुर में शुरू होगा हॉटमिक्स सड़कों का निर्माण*
*एलायंस सिटी वन कॉलोनी से महापौर विकास शर्मा ने किया कार्य का शुभारंभ, 10 करोड़ रुपये से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बनेंगी सड़कें*
रुद्रपुर। शहर में क्षतिग्रस्त सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के अभियान के बाद अब नगर निगम ने हॉटमिक्स सड़कों के निर्माण की शुरुआत कर दी है। बुधवार को महापौर विकास शर्मा ने एलायंस सिटी वन कॉलोनी में पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान कॉलोनीवासियों ने महापौर का स्वागत कर क्षेत्र में सड़क निर्माण शुरू कराने पर आभार जताया।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और सहयोग से रुद्रपुर में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। शहर को उत्तराखंड का नंबर वन शहर बनाने के लक्ष्य के साथ नगर निगम बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण में रुद्रपुर को हिमालयी राज्यों में प्रथम स्थान मिलना शहर के सामूहिक प्रयासों और बेहतर व्यवस्थाओं का परिणाम है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर नगर निगम क्षेत्र में सड़कों को गड्ढामुक्त करने का अभियान चलाया गया था। अब शहर में नई हॉटमिक्स सड़कों का निर्माण शुरू कराया जा रहा है। इसके लिए करीब 10 करोड़ रुपये के कार्यों के टेंडर जारी किए जा चुके हैं। विभिन्न क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से सड़कें बनाई जाएंगी।
महापौर ने बताया कि हॉटमिक्स सड़क निर्माण की शुरुआत एलायंस सिटी वन कॉलोनी से की गई है। यहां एक सड़क का निर्माण शुरू हो चुका है, जबकि कॉलोनी में करीब दो किलोमीटर लंबाई की अन्य सड़कों का निर्माण भी जल्द कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहरवासियों को बेहतर सड़कें, स्वच्छ पेयजल और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि शहर के सभी 40 वार्डों में विकास कार्यों को गति देने के लिए 76 नए कार्यों के टेंडर भी किए जा चुके हैं। इनके तहत सड़क, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य कराए जाएंगे। महापौर ने कहा कि रुद्रपुर में आने वाले समय में कई बड़ी विकास परियोजनाएं धरातल पर उतरेंगी, जिससे शहर को आधुनिक और व्यवस्थित स्वरूप मिलेगा।
महापौर ने कहा कि रुद्रपुर को उत्तराखंड का नंबर वन शहर बनाने के लिए नगर निगम के साथ ही नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है। जनसहयोग से ही शहर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाया जा सकता है।
इस मौके पर संदीप कुमार यादव, अंकित पवार, ओमवीर चौधरी, विनीत चौधरी, अंकित भटनागर, योगेंद्र यादव, अरेंद्र मलिक, अशोक जैन, अशोक बजाज, धर्म सिंह, मनोज कुमार, सरदार सरजीत सिंह, बठला अंकल, सरदार पलविंदर सिंह, संजीव स्टीफन, राम जोशी सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी मौजूद रहे।



