*जगतपुरा में मामूली विवाद के बाद जिला अस्पताल में राजकुमार जौहरी की चाकू से गोदकर हत्या*
*दिनदहाड़े हुई वारदात से मचा हड़कंप, अस्पताल पहुंचे विधायक शिव अरोरा ने परिजनों को बंधाया ढांढस, आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग*
रुद्रपुर। जगतपुरा क्षेत्र में दो व्यवसायियों के बीच हुई मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के बाद जिला अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर राजकुमार जौहरी की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े अस्पताल परिसर में हुई इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा जिला अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
मृतक के करीबियों के अनुसार, जगतपुरा में राजकुमार जौहरी और अमन प्रजापति के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान राजकुमार की दुकान पर काम करने वाले एक कर्मचारी के सिर में गंभीर चोट लग गई। कर्मचारी को उपचार के लिए जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते अस्पताल परिसर में दूसरे पक्ष के लोगों ने राजकुमार जौहरी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर विधायक शिव अरोरा तत्काल जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस के आला अधिकारियों से घटना की जानकारी लेते हुए आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
विधायक शिव अरोरा ने घटना पर गहरा दुख और आक्रोश जताते हुए कहा कि मामूली विवाद में इस तरह किसी की जान ले लेना बेहद गंभीर और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि वारदात में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। एक-एक दोषी को चिह्नित कर कानून के कठघरे में खड़ा किया जाएगा और सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। अपराधी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, कानून से बच नहीं सकता। विधायक ने पुलिस अधिकारियों को मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना उनकी प्राथमिकता है।


