*417वीं रैंक से हिमालयी राज्यों में प्रथम स्थान तक पहुंचा रुद्रपुर, सामूहिक प्रयासों से मिली बड़ी उपलब्धि : महापौर* *स्वच्छ सर्वेक्षण में ऐतिहासिक सफलता के बाद महापौर विकास शर्मा ने साझा किया सफर, बोले- आदर्श रुद्रपुर बनाने के लिए अभी बहुत कुछ करना बाकी*

*417वीं रैंक से हिमालयी राज्यों में प्रथम स्थान तक पहुंचा रुद्रपुर, सामूहिक प्रयासों से मिली बड़ी उपलब्धि : महापौर*

 

*स्वच्छ सर्वेक्षण में ऐतिहासिक सफलता के बाद महापौर विकास शर्मा ने साझा किया सफर, बोले- आदर्श रुद्रपुर बनाने के लिए अभी बहुत कुछ करना बाकी*

 

रुद्रपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में हिमालयी राज्यों में प्रथम स्थान हासिल करने के बाद नगर निगम ने अपनी उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं को लेकर नई दिशा में कदम बढ़ाए हैं। महापौर विकास शर्मा ने पत्रकार वार्ता में रुद्रपुर की 417वीं रैंक से हिमालयी राज्यों में नंबर वन बनने तक के सफर को साझा किया। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों, पर्यावरण मित्रों, पार्षदों और शहरवासियों के सामूहिक प्रयासों को देते हुए सभी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे शहर की मेहनत का परिणाम है।

 

महापौर ने बताया कि जब उन्होंने पदभार संभाला था, उस समय स्वच्छ सर्वेक्षण 2023-24 में रुद्रपुर की रैंकिंग 417 थी। इसके बाद नगर निगम ने व्यवस्थाओं में सुधार करते हुए स्वच्छ सर्वेक्षण में 68वीं रैंक हासिल की और अब 2025-26 के सर्वेक्षण में हिमालयी राज्यों में प्रथम स्थान प्राप्त कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि लगातार प्रयासों, बेहतर कार्ययोजना और टीम भावना का नतीजा है।

 

उन्होंने बताया कि सबसे पहले शहर को कूड़े के ढेरों से मुक्त करने और नियमित कूड़ा उठान की व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सहयोग से नगर निगम को 35 नए वाहन मिले, जिसके बाद वर्तमान में 85 छोटी-बड़ी गाड़ियां स्वच्छता व्यवस्था में जुटी हैं। घर-घर कूड़ा संग्रहण के साथ गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण तथा चार श्रेणियों में कचरा अलग करने की व्यवस्था लागू की गई। सीबीजी प्लांट में कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण किया जा रहा है। गीले कचरे से सीएनजी तैयार की जा रही है, जबकि घरों से निकलने वाले मल के निस्तारण के लिए स्थापित प्लांट में खाद बनाई जा रही है। नगर निगम ने ओडीएफ प्लस-प्लस के मानकों को भी पूरा किया है।

 

महापौर ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण के प्रत्येक मानक पर बारीकी से काम किया गया। केंद्र सरकार की टीम ने रुद्रपुर पहुंचकर व्यवस्थाओं का भौतिक निरीक्षण और विभिन्न मानकों का सत्यापन किया। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को तत्काल दूर कराया गया। सफाई व्यवस्था के साथ बाजारों को व्यवस्थित करने, पार्कों का सुधार करने और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर भी विशेष ध्यान दिया गया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखकर नगर निगम की कार्यसंस्कृति और नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी बनाने का प्रयास किया गया। इस अभियान में पर्यावरण मित्रों का योगदान बेहद महत्वपूर्ण रहा।

 

उन्होंने बताया कि शहर को जलभराव से राहत दिलाना भी प्राथमिकता रही है। नालों और जल निकासी की व्यवस्था सुधारने के लिए लगातार काम किया गया, जिसका असर इस बार बरसात के दौरान देखने को मिला। महापौर ने कहा कि व्यवस्थाओं में सुधार के लिए कई कड़े फैसले लेने पड़े, लेकिन शहरवासियों ने पूरा सहयोग दिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में राज्य सरकार से मिले सहयोग ने भी इस उपलब्धि को हासिल करने में अहम भूमिका निभाई।

 

भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करते हुए महापौर ने कहा कि रुद्रपुर को आदर्श और स्मार्ट शहर बनाने का लक्ष्य है। इसके लिए आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने की तैयारी की जा रही है। कल्याणी नदी को पुनर्जीवित करने के लिए नमामि गंगे परियोजना के तहत केंद्र सरकार को बड़ा प्रस्ताव भेजा गया है। शहर की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने, सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों को गति देने के लिए शासन स्तर पर बजट की मांग भी रखी गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्वच्छ सर्वेक्षण में मिली इस उपलब्धि के बाद राज्य और केंद्र सरकार से अतिरिक्त आर्थिक सहयोग मिलेगा।

 

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि पुरस्कार मिलने के साथ जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। अभी आदर्श रुद्रपुर बनाने के लिए काफी काम करना बाकी है। उन्होंने शहरवासियों से स्वच्छता अभियान में निरंतर सहयोग करने और व्यवस्थाओं में कमी दिखाई देने पर नगर निगम को सूचित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर को अपना घर समझकर स्वच्छ रखना होगा। जिस तरह लोग अपने घर और दुकानों की सफाई करते हैं, उसी तरह पूरे शहर को साफ और सुंदर बनाने की जिम्मेदारी भी सभी की है।

 

महापौर ने कहा कि वह चौकीदार की तरह शहर की सेवा में जुटे हैं और जनता से किए गए वादों को पूरा करके दिखाएंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में विकास का सिलसिला जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर को आदर्श शहर बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों, नगर निगम और आम नागरिकों का सामूहिक सहयोग जरूरी है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement