*दोषियों को पाताल से भी खोजकर जेल भेजेंगे : शिव अरोरा* *रमपुरा में राजेश कोली के परिजनों से मिले विधायक, सीओ और कोतवाल को निष्पक्ष जांच के निर्देश*

*दोषियों को पाताल से भी खोजकर जेल भेजेंगे : शिव अरोरा*

 

*रमपुरा में राजेश कोली के परिजनों से मिले विधायक, सीओ और कोतवाल को निष्पक्ष जांच के निर्देश*

 

रुद्रपुर। रमपुरा क्षेत्र में रोडवेज के समीप कार सवार लोगों द्वारा किए गए जानलेवा हमले में घायल युवक राजेश कोली की उपचार के दौरान मौत होने से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। घटना की जानकारी मिलने पर रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा वार्ड संख्या 22 स्थित रमपुरा पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए भरोसा दिलाया कि मामले में दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और पीड़ित परिवार को हर हाल में न्याय दिलाया जाएगा।

 

विधायक शिव अरोरा ने घटना पर कड़ा आक्रोश जताते हुए कहा कि राजेश कोली के साथ जिस बेरहमी से मारपीट की गई, वह बेहद निंदनीय है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “दोषी पाताल में भी होंगे तो उन्हें खोजकर जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।” उन्होंने कहा कि इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी आरोपी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।

 

विधायक ने मौके से ही सीओ सिटी और रुद्रपुर कोतवाल से फोन पर वार्ता कर मामले की गंभीरता और निष्पक्षता से जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। दोषी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे कानून के दायरे में लाना पुलिस की जिम्मेदारी है।

 

शिव अरोरा ने कहा कि राजेश कोली की शादी को अभी महज तीन महीने ही हुए थे। वह पेशे से गाड़ी मैकेनिक था और अपने परिवार का सहारा था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज को झकझोर देती हैं। ऐसे अपराधों में शामिल लोगों को कानून के अनुसार कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई इस तरह का अपराध करने का साहस न कर सके।

 

विधायक ने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार दुख की इस घड़ी में उनके साथ खड़ी है। परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर प्रभावी पैरवी की जाएगी और उनकी हरसंभव मदद का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने परिजनों से कहा कि वे खुद को अकेला न समझें, सरकार और जनप्रतिनिधि उनके साथ हैं।

 

इस दौरान मंडल अध्यक्ष मुकेश पाल, पार्षद गिरीश पाल, डॉ. महेश कोली, त्रिलोक कोली, चंद्रसेन कोली, सुदामा कोली, राज कोली, वीर पाल और शिवकारन कोली सहित क्षेत्र के अनेक लोग मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement