*टाइटन ने 306 मेधावी और जरूरतमंद विद्यार्थियों को दी छात्रवृत्ति* *टाइटन कन्या+ एवं टाइटन छात्रवृत्ति योजना के तहत विद्यार्थियों को शिक्षा जारी रखने के लिए मिलेगी आर्थिक मदद*

*टाइटन ने 306 मेधावी और जरूरतमंद विद्यार्थियों को दी छात्रवृत्ति*

 

*टाइटन कन्या+ एवं टाइटन छात्रवृत्ति योजना के तहत विद्यार्थियों को शिक्षा जारी रखने के लिए मिलेगी आर्थिक मदद*

 

रुद्रपुर, 31 अक्टूबर। टाटा समूह की कंपनी टाइटन ने शिक्षा को बढ़ावा देने और जरूरतमंद विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करते हुए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 306 विद्यार्थियों को टाइटन कन्या+ एवं टाइटन छात्रवृत्ति प्रदान की। शनिवार को सिटी क्लब में आयोजित कार्यक्रम में चयनित विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति वितरित की गई। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक कठिनाइयों के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने से रोकना और उन्हें अपने भविष्य के लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करना है।

 

कार्यक्रम में मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र सिंह मिश्रा और खंड शिक्षा अधिकारी सवेद आलम उपस्थित रहे। उन्होंने छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने और सरकारी विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए टाइटन की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

 

टाइटन के वरिष्ठ प्रबंधन की ओर से सीएसआर प्रमुख जे.जे. डोमिनिक, प्रशासन प्रमुख स्क्वाड्रन लीडर रश्मि देवकुमार, ज्वेलरी डिवीजन के फैक्ट्री मैनेजर Maarajan M और टाइटन वॉचेज के फैक्ट्री मैनेजर राजीव राजपूत भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का सदुपयोग करने और अपने शैक्षणिक एवं व्यावसायिक लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।

 

कंपनी के अनुसार, छात्रवृत्ति के लिए चयन प्रक्रिया तीन से चार महीने तक चलती है। इसमें आवेदन आमंत्रित करने, आवेदनों की जांच, व्यक्तिगत साक्षात्कार और आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन सहित विभिन्न चरण शामिल हैं। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि योजना का लाभ वास्तविक रूप से पात्र और जरूरतमंद विद्यार्थियों तक पहुंचे।

 

इस पहल के संचालन में सहयोगी संस्थाओं आसरा (AASARA) और द हंस फाउंडेशन की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में आसरा के सीईओ अमित बदोनी और द हंस फाउंडेशन की शिक्षा प्रमुख सोनल उपस्थित रहीं।

 

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए टाइटन की ‘पावर प्ले’ पहल की जानकारी भी दी गई। साथ ही कंपनी की अन्य सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) गतिविधियों और सतत विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों से भी अवगत कराया गया।

 

टाइटन कन्या+ एवं टाइटन छात्रवृत्ति के माध्यम से कंपनी शिक्षा को प्रोत्साहित करने, बालिका सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और जरूरतमंद विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास कर रही है। कंपनी का उद्देश्य आर्थिक बाधाओं को दूर कर विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य की ओर अग्रसर होने में सहयोग देना है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement