*दुबई में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का आरोप, आरोपी गिरफ्तार* *‘जेड ग्लोबल’ कार्यालय से 61 पासपोर्ट, डायरी और अवैध पिस्टल बरामद, दो लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला*

*दुबई में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का आरोप, आरोपी गिरफ्तार*

 

*‘जेड ग्लोबल’ कार्यालय से 61 पासपोर्ट, डायरी और अवैध पिस्टल बरामद, दो लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला*

 

रुद्रपुर। विदेश में नौकरी दिलाने और वर्क परमिट पर दुबई भेजने का झांसा देकर युवक से दो लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के आवास विकास स्थित ‘जेड ग्लोबल’ कार्यालय से 61 पासपोर्ट, एक डायरी और .32 बोर का अवैध पिस्टल बरामद किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमे में आर्म्स एक्ट और इमिग्रेशन एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई हैं। बरामद पासपोर्टों और डायरी में दर्ज विवरणों के आधार पर पुलिस अन्य संभावित पीड़ितों के संबंध में भी जांच कर रही है।

 

पुलिस के अनुसार, 29 अक्तूबर 2026 को रुद्रपुर के वार्ड संख्या 21 निवासी मुजाहिद पुत्र भूरे खान ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि प्रीत विहार निवासी अलीम खान ने उसे दुबई में नौकरी दिलाने और वर्क परमिट पर विदेश भेजने का भरोसा दिलाया था। आरोपी की बातों में आकर उसने अपनी मोटरसाइकिल और जेवर बेचकर दो लाख रुपये दे दिए।

 

आरोप है कि रुपये लेने के बाद आरोपी ने उसे वर्क परमिट के बजाय विजिटर वीजा पर दुबई भेज दिया। इतना ही नहीं, वीजा को एडिट कर वर्क वीजा जैसा दिखाया गया। दुबई पहुंचने पर उसे वीजा की वास्तविक स्थिति का पता चला, जिसके बाद उसे वहां परेशानियों का सामना करना पड़ा और जुर्माना भी भरना पड़ा। इसके बाद वह किसी तरह भारत वापस लौटा।

 

रुपये मांगने पर धमकी देने का आरोप

 

पीड़ित के मुताबिक, भारत लौटने के बाद जब उसने आरोपी से अपनी रकम वापस मांगी तो उसे अलग-अलग तिथियों में केवल 30 हजार रुपये लौटाए गए। शेष एक लाख 70 हजार रुपये देने से इनकार कर दिया गया। पीड़ित ने आरोपी पर रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया। तहरीर में अन्य लोगों के साथ भी विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी किए जाने की आशंका जताई गई है।

 

पुलिस ने तहरीर के आधार पर कोतवाली रुद्रपुर में एफआईआर संख्या 579/2026 के तहत बीएनएस की धारा 318(4) में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

 

कार्यालय से 61 पासपोर्ट और पिस्टल बरामद

 

एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में उपनिरीक्षक धीरज टम्टा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अलीम खान पुत्र जमील अहमद (29), निवासी वार्ड संख्या 25, प्रीत विहार, रुद्रपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 61 पासपोर्ट, एक डायरी और .32 बोर का अवैध पिस्टल बरामद किया है।

 

पुलिस के अनुसार, बरामद पासपोर्टों और डायरी में दर्ज विवरणों की जांच की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी ने विदेश में नौकरी और वर्क परमिट दिलाने के नाम पर कितने लोगों से संपर्क किया था और कहीं अन्य लोग भी ठगी का शिकार तो नहीं हुए हैं।

 

मुकदमे में बढ़ाई गईं अतिरिक्त धाराएं

 

पुलिस ने बरामदगी और विवेचना में सामने आए तथ्यों के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 तथा इमिग्रेशन एक्ट की धारा 10/24 की बढ़ोतरी की है। इसके अलावा आरोपी के कब्जे से संबंधित होंडा एक्टिवा स्कूटी संख्या UK06BG3430 को मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत सीज किया गया है।

 

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक धीरज टम्टा, उपनिरीक्षक नरेश पंत, हेड कांस्टेबल राजकुमार और कांस्टेबल महेंद्र कुमार शामिल रहे। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement