*धामी के नेतृत्व में 3 नवंबर को रुद्रपुर में निकलेगी ‘अराजकता हटाओ, संविधान बचाओ’ रैली*
*भाजपा जिला कार्यालय में हुई बैठक, रैली की सफलता के लिए पदाधिकारियों को सौंपी जाएंगी जिम्मेदारियां*
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आगामी 3 नवंबर को रुद्रपुर में आयोजित होने वाली ‘अराजकता हटाओ, संविधान बचाओ’ रैली की तैयारियों को लेकर भाजपा जिला कार्यालय में संगठनात्मक बैठक हुई। प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कार्यक्रम की सफलता के लिए रणनीति तैयार की गई। इस दौरान पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से रैली में अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
बैठक में रैली की तैयारियों, संगठनात्मक जिम्मेदारियों और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता आपसी समन्वय एवं एकजुटता के साथ जुटें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भूमिका कार्यक्रम को व्यवस्थित और सफल बनाने में महत्वपूर्ण है।
गांधी पार्क से शुरू होकर नगर में निकलेगी रैली
भाजपा की ओर से आयोजित रैली गांधी पार्क से शुरू होगी। इसके बाद बाटा चौक, मुख्य बाजार, भगत सिंह चौक, अग्रवाल धर्मशाला, काशीपुर बाईपास रोड और अग्रसेन चौक होते हुए पुनः गांधी पार्क पहुंचकर संपन्न होगी। भाजपा पदाधिकारियों के अनुसार, रुद्रपुर पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का भव्य स्वागत किया जाएगा।
बैठक में कार्यकर्ताओं ने 3 नवंबर को होने वाले कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने और संगठन की ओर से सौंपी गई जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया। साथ ही संगठनात्मक मजबूती और आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम की तैयारियों में जुटने पर जोर दिया गया।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष कमल कुमार जिंदल, रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा, दर्जा राज्य मंत्री रामपाल, सुरेश कोहली, जिला महामंत्री तरुण दत्ता, जिला उपाध्यक्ष हिमांशु शुक्ला, जिला मंत्री प्रमोद मित्तल, मीडिया संयोजक विजय तोमर, कार्यालय मंत्री मोर सिंह, सुरेंद्र चौधरी, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विट्टू चौहान, मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, सत्यप्रकाश चौहान, अमन विर्क, सुनील सिंह, रचित सिंह और अभिषेक तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


