*दीपावली के बाद शुरू होगा काशीपुर बाईपास का चौड़ीकरण*
*विधायक शिव अरोरा ने की समीक्षा बैठक, तीन माह में डीडी चौक से 31 पीएसी तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य*
रुद्रपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण परियोजनाओं को गति देने के उद्देश्य से विधायक शिव अरोरा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में डीडी चौक से गाबा चौक तक काशीपुर बाईपास के चौड़ीकरण और त्रिशूल चौक से मेडिकल कॉलेज तक प्रस्तावित आठ लेन सड़क परियोजना की प्रगति की समीक्षा की गई। विधायक ने अधिकारियों को सभी बाधाएं दूर कर निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि शहर के विकास और यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए दोनों परियोजनाएं महत्वपूर्ण हैं। बढ़ती आबादी और वाहनों के दबाव को देखते हुए सड़कों का चौड़ीकरण जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्यों को तेजी से पूरा करें, ताकि आम जनता को जल्द राहत मिल सके।
दीपावली से पहले पूरा हो त्रिशूल चौक से डीडी चौक तक का कार्य
त्रिशूल चौक से मेडिकल कॉलेज तक प्रस्तावित आठ लेन सड़क चौड़ीकरण परियोजना की समीक्षा के दौरान विधायक ने धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को दीपावली से पहले त्रिशूल चौक से डीडी चौक तक चल रहे चौड़ीकरण कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ ही गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा जाए। अधिकारियों को नियमित निगरानी करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी गई।
दीपावली के बाद शुरू होगा काशीपुर बाईपास का चौड़ीकरण
डीडी चौक से गाबा चौक तक काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण परियोजना की समीक्षा करते हुए विधायक ने लोक निर्माण विभाग को दीपावली का त्योहार समाप्त होते ही निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान व्यापारियों और आम जनता को होने वाली असुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्य शुरू करने का समय निर्धारित किया गया है।
उन्होंने जल संस्थान, विद्युत विभाग और वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क चौड़ीकरण से संबंधित पेड़ों के कटान, विद्युत लाइनों और अन्य विभागीय कार्यों को दीपावली से पहले पूरा कर लिया जाए, ताकि निर्माण शुरू होने में कोई बाधा न आए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के हितों और आम जनता की सुविधा का ध्यान रखते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
डीडी चौक से 31वीं वाहिनी पीएसी तक कार्य में तेजी लाने के निर्देश
बैठक में डीडी चौक से 31वीं वाहिनी पीएसी तक दूसरे चरण में होने वाले सड़क चौड़ीकरण कार्य की भी समीक्षा की गई। विधायक ने बताया कि इस हिस्से में पेड़ों के कटान और जल संस्थान से संबंधित कार्य पूरे हो चुके हैं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को दीपावली के बाद निर्माण कार्य तेजी से शुरू करने और आगे के हिस्से में भी काम तत्काल प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि इस चरण के निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए तीन माह की समयसीमा निर्धारित की गई है। इस पर विधायक ने कहा कि निर्धारित अवधि का प्रभावी उपयोग करते हुए कार्यों को समय पर पूरा किया जाए। इसके लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर काम करने और सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने की जरूरत है।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल विकास कार्यों की घोषणा करना नहीं, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारकर जनता को उनका लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शहर के भविष्य, आम जनता की सुविधा और व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए दोनों परियोजनाओं को प्राथमिकता से पूरा किया जाए। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता किए बिना तय समयसीमा का पालन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में एडीएम पंकज उपाध्याय, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता गजेंद्र कुमार, विद्युत विभाग प्रथम के अधिशासी अभियंता राजीव चक्रवर्ती, द्वितीय के अधिशासी अभियंता किशोर पंत और जल संस्थान के अधिशासी अभियंता बदरे आलम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


