*रुद्रपुर मे कांग्रेस को लगा तगड़ा झटका पूर्व पालिका अध्यक्ष मीना शर्मा ने थामा भाजपा का दामन प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने देहरादून भाजपा कार्यालय मे विधायक शिव अरोरा की मौजूदगी दिलाई सदस्यता*
*मीना शर्मा ने मुख्यमंत्री पुष्कर धामी व प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को गदा भेट कर जताया आभार*
महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में मीना शर्मा ने ली भाजपा सदस्यता
भाजपा में शामिल होते ही मीना शर्मा का कांग्रेस पर तीखा हमला
शिव अरोरा बोले—कांग्रेस बन चुकी है डूबता जहाज
रुद्रपुर/देहरादून। रुद्रपुर की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व पालिका अध्यक्ष मीना शर्मा ने पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया। देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने विधायक शिव अरोरा की मौजूदगी में उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।
इस मौके पर मीना शर्मा और अनिल शर्मा ने प्रदेश अध्यक्ष को गदा भेंट कर आभार व्यक्त किया। भाजपा में शामिल होने के बाद मीना शर्मा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर उनका भी धन्यवाद जताया।
मीना शर्मा ने कहा कि उन्होंने वर्षों तक कांग्रेस में रहकर विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन किया, लेकिन पार्टी की नीतियों से असंतुष्ट होकर यह निर्णय लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर कांग्रेस का रुख दोहरा रहा है, जबकि भाजपा सरकार महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की रीति-नीति से प्रेरित होकर वह पार्टी को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगी।
वहीं विधायक शिव अरोरा ने कहा कि कांग्रेस अब “डूबता जहाज” बन चुकी है और लगातार लोग पार्टी छोड़ रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि मीना शर्मा के अनुभव का लाभ भाजपा को मिलेगा और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में पार्टी को मजबूती मिलेगी।
भाजपा की सदस्यता लेने वालों में अनिल शर्मा, संजीव रस्तोगी, सुमित राय, दिनेश मौर्य, रामप्रसाद, पूनम गुप्ता, अंजू जैन, सरोज रानी, श्वेता शर्मा और सुदर्शन शर्मा सहित कई अन्य लोग शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ती भरद्वाज, केपी राठी सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।







