*बागवाला में विधायक शिव अरोरा ने किया रामलीला का शुभारंभ*
*रामलीला समाज को धर्म, मर्यादा और सद्भाव का संदेश देती है : शिव अरोरा*
रुद्रपुर। बागवाला गांव में रामलीला मंचन का शुभारंभ रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान पूरा गांव रामभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। रामलीला कमेटी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने विधायक का स्वागत किया। साथ ही उन्हें प्रभु श्रीराम के दरबार का चित्र भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा ने कहा कि बागवाला में रामलीला के आयोजन और प्रभु श्रीराम के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में रामभक्तों की उपस्थिति सनातन संस्कृति के प्रति लोगों की गहरी आस्था को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि रामलीला हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि प्रभु श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, सत्य, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश भी देती है।
विधायक ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सद्भाव और एकता को मजबूत करने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, धर्म और संस्कारों से जोड़ने का कार्य करते हैं। बागवाला में रामलीला का आयोजन पूरे क्षेत्र के लिए आकर्षण का केंद्र है, जिसमें ग्रामीण बढ़-चढ़कर भागीदारी कर रहे हैं।
उन्होंने प्रभु श्रीराम से सभी पर कृपा बनाए रखने की प्रार्थना करते हुए क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि और सद्भाव कायम रहने की कामना की।
इस दौरान भगवानपुर कोलड़िया के ग्राम प्रधान विनीत सोलंकी, अजय वर्मा, राजीव शुक्ला, अजीत सोलंकी, कुलदीप चंद, नीरज यादव, राजेश तिवारी, विपिन, सुरेंद्र कुमार और अरविंद सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग एवं रामभक्त मौजूद रहे।


