*विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में व्यापारियों की भूमिका अहम: धामी* *प्रांतीय व्यापारी सम्मेलन एवं संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने व्यापारियों के योगदान को सराहा, कोरोना काल की सेवाओं को किया याद*

*विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में व्यापारियों की भूमिका अहम: धामी*

*प्रांतीय व्यापारी सम्मेलन एवं संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने व्यापारियों के योगदान को सराहा, कोरोना काल की सेवाओं को किया याद*

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देश के विकास और अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में व्यापारी वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है। व्यापारी न केवल अपने परिवार का भरण-पोषण करता है, बल्कि समाज और राष्ट्र की प्रगति में भी अहम योगदान देता है। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को हासिल करने में व्यापारियों की भूमिका निर्णायक होगी।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल की ओर से आयोजित प्रांतीय व्यापारी सम्मेलन एवं व्यापारी संवाद कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि व्यापारियों ने हमेशा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई है। कोरोना महामारी के कठिन दौर में भी व्यापारियों ने जरूरतमंदों की मदद के लिए सराहनीय कार्य किया। अपनी जान की परवाह किए बिना उन्होंने घर-घर जाकर लोगों तक राशन, दवाइयां, कपड़े और अन्य आवश्यक सामग्री पहुंचाई। उनके इस योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

धामी ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान संयुक्त राष्ट्र की ओर से भारत में गंभीर संकट की आशंका जताई गई थी, लेकिन देशवासियों और व्यापारियों के सामूहिक प्रयासों से भारत ने इस चुनौती का मजबूती से सामना किया। देश के वैज्ञानिकों ने कोरोना से बचाव के लिए टीके विकसित किए, वहीं व्यापारियों ने भी संकट की घड़ी में आगे आकर अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सामूहिक संकल्प और साझा सपनों के माध्यम से देश को आगे बढ़ाने का संदेश दिया है। विकसित भारत का लक्ष्य तभी साकार होगा, जब समाज के सभी वर्ग मिलकर योगदान देंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि व्यापारी वर्ग भी इस राष्ट्रीय संकल्प को पूरा करने और देश की आर्थिक प्रगति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Advertisement
Advertisement
Advertisement