एक लाख का इनामी गैंगस्टर अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार, यूपी पुलिस को थी लंबे समय से तलाश

एक लाख का इनामी गैंगस्टर अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार, यूपी पुलिस को थी लंबे समय से तलाश

रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस के एक लाख रुपये के इनामी गैंगस्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट सहित 46 से अधिक संगीन मुकदमे विभिन्न जनपदों में दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार बुधवार को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि चैती मेला मार्ग पर एक संदिग्ध व्यक्ति घूम रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली आईटीआई पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पुरानी चैती चौकी के पास स्थित खंडहर के निकट घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम योगेश मलिक उर्फ भदौरिया पुत्र भोपाल सिंह (53 वर्ष), निवासी ग्राम भदौड़ा, थाना रोहटा, जनपद मेरठ (उत्तर प्रदेश) बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक .315 बोर का अवैध तमंचा तथा तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। इस पर पुलिस ने उसे आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत गिरफ्तार कर लिया।

गहन पूछताछ एवं उत्तर प्रदेश पुलिस से समन्वय के बाद पता चला कि आरोपी उत्तर प्रदेश पुलिस का एक लाख रुपये का घोषित इनामी गैंगस्टर है। थाना गंगोह, जनपद सहारनपुर पुलिस ने भी उसकी इनामी स्थिति की पुष्टि की है। आरोपी थाना कंकरखेड़ा, मेरठ में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे सहित कई मामलों में लंबे समय से वांछित चल रहा था।

पुलिस के अनुसार योगेश मलिक के खिलाफ मेरठ, बुलंदशहर, बागपत, गाजियाबाद और सहारनपुर सहित विभिन्न जनपदों के अलग-अलग थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, लूट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट समेत 46 से अधिक संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके विस्तृत आपराधिक इतिहास का सत्यापन कर संबंधित राज्यों की पुलिस को आवश्यक सूचना उपलब्ध करा रही है।

इस कार्रवाई को कोतवाली आईटीआई के प्रभारी निरीक्षक विक्रम राठौर के नेतृत्व में उपनिरीक्षक हरविंदर सिंह, हेड कांस्टेबल सिराज हुसैन, कांस्टेबल रमेश बंगयाल तथा पीआरडी जवान अनिल की टीम ने अंजाम दिया।

Advertisement
Advertisement
Advertisement