*किच्छा की दो सड़कों के निर्माण को ₹1.11 करोड़ मंजूर: तिलक राज बेहड़*
*आनंदपुर से जीएपी स्कूल तक सड़क का होगा पुनर्निर्माण, नीलकंठ कॉलोनी में इंटरलॉकिंग टाइल्स से बनेगा मार्ग*
किच्छा। विधानसभा क्षेत्र में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में दो महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों के लिए राज्य योजना के तहत ₹1 करोड़ 11 लाख की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिली है। विधायक तिलक राज बेहड़ के प्रयासों से स्वीकृत इन कार्यों के तहत आनंदपुर और नीलकंठ कॉलोनी क्षेत्र की सड़कों का निर्माण एवं पुनर्निर्माण किया जाएगा।
स्वीकृत योजना के अंतर्गत ग्राम आनंदपुर से जीएपी स्कूल तक 0.735 किलोमीटर लंबे लिंक मोटर मार्ग का प्रीमिक्स कारपेट से पुनर्निर्माण किया जाएगा। इस कार्य पर ₹33.57 लाख खर्च किए जाएंगे। वहीं, शिमला मल्सा-गिरधरपुर मार्ग से नीलकंठ कॉलोनी तक 0.510 किलोमीटर सड़क का निर्माण इंटरलॉकिंग टाइल्स से किया जाएगा। नीलकंठ फेस-3 से शुरू होकर गुरुद्वारे के निकट लालपुर तक बनने वाले इस मार्ग पर ₹77.43 लाख की लागत आएगी।
विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विकास उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इन सड़कों के निर्माण और पुनर्निर्माण से स्थानीय लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
इस दौरान विधायक बेहड़ ने किच्छा नगर पालिका और सिरौलीकलां नगर पालिका में अध्यक्ष पद पर जीत दिलाने के लिए क्षेत्रवासियों का आभार भी जताया। उन्होंने सड़क निर्माण कार्यों को स्वीकृति देने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और लोक निर्माण विभाग मंत्री सतपाल महाराज का आभार व्यक्त किया।


