शहरी क्षेत्र में शामिल गांवों को स्वामित्व अधिकार दिलाने की मांग, केंद्रीय मंत्री खट्टर से मिले चुघ
रुद्रपुर। ग्रामीण क्षेत्रों को नगर निकायों, नगर पालिका, नगर पंचायत और नगर निगम में शामिल किए जाने के बावजूद वहां के निवासियों को स्वामित्व का अधिकार नहीं मिलने का मामला अब केंद्र सरकार तक पहुंच गया है। इसको लेकर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं भाजपा काशीपुर जिला प्रभारी भारत भूषण चुघ ने दिल्ली में केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा।
चुघ ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि रुद्रपुर और किच्छा क्षेत्र के कई गांवों को कुछ समय पूर्व शहरी क्षेत्रों में शामिल किया गया है। इनमें नगर पालिका, नगर पंचायत और नगर निगम में शामिल किए गए क्षेत्र भी हैं। शहरी क्षेत्र में शामिल होने के काफी समय बाद भी यहां रहने वाले लोगों को स्वामित्व का अधिकार नहीं मिल पाया है। इसके चलते हजारों लोगों को विभिन्न परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में वह पूर्व में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से दो बार मुलाकात कर चुके हैं और उन्हें भी ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की थी। मुख्यमंत्री की ओर से बताया गया कि यह केंद्र सरकार से संबंधित विषय है और उनके ज्ञापन की प्रतिलिपि केंद्रीय शहरी विकास मंत्री को प्रेषित कर दी गई है। इसकी जानकारी मिलने के बाद चुघ ने दिल्ली स्थित केंद्रीय मंत्री के कैंप कार्यालय में उनसे मुलाकात की।
चुघ ने केंद्रीय मंत्री से मानवीय दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए प्रभावित लोगों को शीघ्र स्वामित्व अधिकार प्रदान करने की मांग की। उन्होंने कहा कि स्वामित्व का अधिकार नहीं मिलने से हजारों परिवार प्रभावित हो रहे हैं और उन्हें अपनी संपत्तियों से संबंधित कार्यों में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने चुघ को आश्वस्त किया कि समस्या के समाधान के लिए जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के निरंतर उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। चुघ ने केंद्रीय मंत्री का आभार जताते हुए समस्या के शीघ्र समाधान की उम्मीद जताई।


