*डिबडिबा में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार तीन हमलावर फरार*
*पुरानी रंजिश के चलते वारदात का आरोप, बाजार में मची अफरातफरी; पुलिस ने शुरू की जांच*
बिलासपुर। उत्तराखंड सीमा से सटे ग्राम डिबडिबा में गुरुवार सुबह पुरानी रंजिश के चलते बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए बिलासपुर चिकित्सालय ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दिनदहाड़े बाजार में हुई वारदात से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार ग्राम डिबडिबा निवासी 26 वर्षीय सन्नी ठाकुर गुरुवार सुबह घर से पैदल दूध लेने के लिए निकला था। बताया जा रहा है कि वह बाजार में शराब की दुकान के पास पहुंचा था, तभी बाइक सवार तीन युवक उसके पास पहुंचे और उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से सन्नी गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज सुनकर बाजार में मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों हमलावर बाइक से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सन्नी के परिजन और बिलासपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल सन्नी को तत्काल बिलासपुर चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों के अनुसार, बीती होली के दौरान सन्नी का कुछ युवकों से विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी विवाद के बाद से उक्त युवक सन्नी से रंजिश रखते थे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्रित किए और आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली।
बताया गया कि सन्नी का विवाह हो चुका था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। उसके माता-पिता एक मिल में पल्लेदारी का काम करते हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।


