भूतबंगला बस्ती में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची टीम का विरोध, पूर्व विधायक ठुकराल भी पहुंचे

Spread the love

भूतबंगला बस्ती में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची टीम का विरोध, पूर्व विधायक ठुकराल भी पहुंचे

रुद्रपुर। शहर की भूतबंगला बस्ती में सोमवार को स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची विद्युत विभाग की टीम को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। क्षेत्रवासियों ने स्मार्ट मीटर लगाए जाने का विरोध करते हुए नारेबाजी की और विभागीय टीम को कार्य नहीं करने दिया। विवाद बढ़ने पर पुलिस को भी मौके पर पहुंचना पड़ा।

जानकारी के अनुसार विद्युत विभाग की टीम पुलिस बल के साथ भूतबंगला क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची थी। टीम के पहुंचते ही स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। लोगों का कहना था कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने से बिजली उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा और बिजली बिलों में वृद्धि होने की आशंका है। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए और विभाग के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।

विरोध की सूचना मिलने पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनने के बाद विभागीय अधिकारियों से वार्ता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि पहले से ही महंगाई की मार झेल रहे गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों पर स्मार्ट मीटर के माध्यम से नया बोझ डालने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सरकार और विद्युत विभाग को स्मार्ट मीटर से संबंधित लोगों की आशंकाओं का समाधान करना चाहिए। यदि यह व्यवस्था उपभोक्ताओं के हित में है तो इसकी पूरी जानकारी और पारदर्शिता जनता के सामने रखी जानी चाहिए। बिना पर्याप्त जागरूकता और सहमति के स्मार्ट मीटर लगाए जाना उचित नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि गरीबों के हितों के खिलाफ किसी भी कार्रवाई का विरोध किया जाएगा और क्षेत्र में जबरन स्मार्ट मीटर नहीं लगाने दिए जाएंगे।

स्थिति तनावपूर्ण होती देख पुलिस ने हस्तक्षेप कर लोगों को शांत कराया। विरोध प्रदर्शन के दौरान पप्पू कोली, रिंकू श्रीवास्तव, हरे राम, गीता देवी, पुष्पा राहुल, दिनेश, राकेश, अफजल, सुनीता, राकेश कुमार, अर्जुन मीणा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *