*दुर्गा पूजा के लिए नगर निगम करेगा पुख्ता इंतजाम* *महापौर ने पूजा कमेटियों के पदाधिकारियों के साथ की बैठक, टेंट-लाइट से लेकर सफाई व सजावट तक की जिम्मेदारी निगम की*

*दुर्गा पूजा के लिए नगर निगम करेगा पुख्ता इंतजाम*

*महापौर ने पूजा कमेटियों के पदाधिकारियों के साथ की बैठक, टेंट-लाइट से लेकर सफाई व सजावट तक की जिम्मेदारी निगम की*

रुद्रपुर। शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर में आयोजित होने वाले दुर्गा पूजा कार्यक्रमों को भव्य और व्यवस्थित स्वरूप देने के लिए नगर निगम की ओर से पूजा समितियों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। इसी सिलसिले में महापौर विकास शर्मा ने नगर निगम सभागार में दुर्गा पूजा कमेटियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में पूजा समितियों ने सुरक्षा समेत विभिन्न समस्याओं और आवश्यकताओं से महापौर को अवगत कराया। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूजा शुरू होने से पहले सभी आयोजन स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

महापौर ने बताया कि ट्रांजिट कैंप, रविंद्र नगर, संजय नगर, मुखर्जी नगर, इंदिरा आदर्श बंगाली कॉलोनी और रामपुरा समेत नगर निगम क्षेत्र के प्रमुख स्थानों पर दुर्गा पूजा का आयोजन होता है। सभी पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम स्तर से आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी।

पूजा स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

पूजा समितियों की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष मांग रखी गई। इस पर महापौर ने बताया कि पूजा स्थलों पर पर्याप्त पुलिस और पीएसी बल की तैनाती के लिए एसएसपी अजय गणपति को पत्र भेजा गया है। उन्होंने कहा कि पूजा पंडालों में महिलाओं, बच्चों और अन्य श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है।

महापौर ने कहा कि दुर्गा पूजा आस्था और संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। ऐसे में आयोजन स्थलों पर कानून-व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा।

दोनों समय होगी सफाई, पानी व शौचालय की व्यवस्था

नगर निगम की ओर से सभी छह प्रमुख पूजा स्थलों पर नियमित रूप से दोनों समय सफाई कराई जाएगी। इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पानी के टैंकर और अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था भी की जाएगी। महापौर ने अधिकारियों को पूजा स्थलों के आसपास स्वच्छता व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु आयोजन स्थलों पर पहुंचेंगे। ऐसे में स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं को लेकर पहले से पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।

पूजा क्षेत्रों में नॉनवेज बिक्री पर रहेगी रोक

दुर्गा पूजा और नवरात्र के दौरान पूजा स्थलों के आसपास मांसाहारी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक रहेगी। महापौर ने कहा कि संबंधित क्षेत्रों में नॉनवेज की दुकानें बंद रहेंगी और पूजा स्थलों के आसपास मांसाहारी खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं होने दी जाएगी। नवरात्र से दुर्गा पूजा तक शहर में भी नॉनवेज बिक्री पर रोक की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

टेंट और लाइट की व्यवस्था भी करेगा नगर निगम

महापौर विकास शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार नगर निगम क्षेत्र में आयोजित होने वाली दुर्गा पूजाओं को नगर निगम की ओर से सहयोग दिया जाएगा। शहर और मंदिरों की सजावट, सफाई तथा प्रकाश व्यवस्था के साथ इस बार सभी प्रमुख दुर्गा पूजा आयोजनों में टेंट और लाइट की व्यवस्था भी नगर निगम द्वारा कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि नगर निगम पहले भी नवरात्र के दौरान शहर, ट्रांजिट कैंप समेत विभिन्न क्षेत्रों में सजावट और प्रकाश व्यवस्था करता रहा है। इसी तर्ज पर दुर्गा पूजा स्थलों पर भी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा है कि शहर में दुर्गा पूजा के आयोजन भव्य और दिव्य स्वरूप में हों तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि बंगाली समाज के लिए दुर्गा पूजा विशेष आस्था का पर्व है और रुद्रपुर में भी इसे श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाया जाता है। नगर निगम पूजा समितियों के साथ पूरी तरह खड़ा है और किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी।

बैठक में बंगाली कल्याण समिति के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप अधिकारी, ट्रांजिट कैंप दुर्गा पूजा कमेटी अध्यक्ष सुमित राय, संजय नगर के पिंकू राय, जगतपुरा के सपन साहा, बंगाली कॉलोनी के गणेश दास, रविंद्र नगर के सुकुमार सरकार और रामपुरा के गौतम मंडल समेत विभिन्न पूजा समितियों के पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने नगर निगम की ओर से दिए जा रहे सहयोग के लिए महापौर विकास शर्मा का आभार जताया।

Advertisement
Advertisement
Advertisement