*15-20 साल से बदहाल सिंह कॉलोनी के मुख्य मार्ग का होगा कायाकल्प*
*विधायक शिव अरोरा ने 440 मीटर सीसी सड़क का किया शिलान्यास, क्षेत्रवासियों ने जताया आभार*
रुद्रपुर। लंबे समय से बदहाल सिंह कॉलोनी के मुख्य मार्ग के दिन अब बहुरने वाले हैं। जिला योजना के तहत स्वीकृत करीब 440 मीटर लंबे सीसी मार्ग का विधायक शिव अरोरा ने गुरुवार को स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों की मौजूदगी में फीता काटकर शिलान्यास किया। सड़क निर्माण शुरू होने पर क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल रहा। लोगों ने विधायक का फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए मिठाई खिलाकर आभार जताया।
लोक निर्माण विभाग के माध्यम से बनने वाला यह मार्ग सिंह कॉलोनी गली नंबर एक से गली नंबर आठ तक बनाया जाएगा। क्षेत्रवासियों के अनुसार यह मार्ग पिछले 15-20 वर्षों से खस्ताहाल था। बरसात के दौरान सड़क पर जगह-जगह गड्ढों में पानी भरने से जलभराव की समस्या पैदा हो जाती थी। इससे स्थानीय लोगों के साथ ही प्रतिदिन इस मार्ग से आवागमन करने वाले हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था।
सिंह कॉलोनी का यह मुख्य मार्ग इंद्रा कॉलोनी, सिंह कॉलोनी, बंगाली कॉलोनी, भूरारानी और शांति विहार समेत आसपास के क्षेत्रों को जोड़ता है। सड़क के निर्माण से इन क्षेत्रों में रहने वाली बड़ी आबादी को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।
शिलान्यास के अवसर पर विधायक शिव अरोरा ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा सिंह कॉलोनी के मुख्य मार्ग के निर्माण की मांग की जा रही थी। जिला योजना के माध्यम से मार्ग को स्वीकृत कराकर अब निर्माण कार्य शुरू कराया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
विधायक ने कहा कि बरसात का मौसम समाप्त होते ही क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण डामर मार्गों के निर्माण कार्य भी शुरू कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गति को आने वाले समय में और तेज किया जाएगा।
सिंह कॉलोनी पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने विधायक शिव अरोरा का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। विधायक ने भी मार्ग के आसपास लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। सड़क निर्माण शुरू होने पर क्षेत्रवासियों ने लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान के लिए विधायक का आभार जताया।
इस दौरान केके दास, पार्षद सुशील चौहान, पार्षद पति गोविंद राय, रविंद्र धामी, मनमोहन वाधवा, गिरीश जोशी, मुकेश वशिष्ठ, डम्पी चोपड़ा, महेंद्र आर्य, रमा देवी, गुरमीत सिंह, संजय आर्य, गणेश सरकार, राजेश कामरा, सोनू गगनेजा, चेतन अरोरा, चेतन कुमार, विकास सागर, मयंक कक्कड़, राजकुमार, रवि पांडेय, सुनील यादव, कौशल विश्वास, शुभम अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।


