*डीपीएस रुद्रपुर में सीबीएसई राष्ट्रीय फेंसिंग चैंपियनशिप–2026 का शानदार समापन* *डीपीएस रुद्रपुर ने जीता अंडर-19 बालिका वर्ग का राष्ट्रीय ओवरऑल खिताब*

*डीपीएस रुद्रपुर ने जीता अंडर-19 बालिका वर्ग का राष्ट्रीय ओवरऑल खिताब*

22 राज्यों के खिलाड़ियों के बीच डीपीएस रुद्रपुर ने लहराया राष्ट्रीय परचम

राष्ट्रीय फेंसिंग चैंपियनशिप में डीपीएस रुद्रपुर की बेटियों ने जीता ओवरऑल खिताब

 

रुद्रपुर। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) रुद्रपुर में 26 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित सीबीएसई राष्ट्रीय फेंसिंग चैंपियनशिप-2026 का शुक्रवार को भव्य समापन हुआ। सात दिवसीय प्रतियोगिता में देश के 22 राज्यों से पहुंचे 1,500 से अधिक खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों तथा 350 से अधिक तकनीकी अधिकारियों, रेफरी और निर्णायकों ने प्रतिभाग किया। समापन समारोह में विभिन्न आयु वर्गों के विजेता खिलाड़ियों और ओवरऑल चैंपियन विद्यालयों को ट्रॉफी व पदक देकर सम्मानित किया गया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी (वित्त), ऊधम सिंह नगर कौस्तुभ मिश्रा रहे। मुख्य कोषाधिकारी पंकज शुक्ला, कुमार ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के निदेशक अभिषेक अग्रवाल, त्रिमूर्ति इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक महेश कपूर, उत्तराखंड ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डीके सिंह, सिल्वर लाइन प्रेस्टिज स्कूल गाजियाबाद के वाइस चेयरमैन नमन जैन और राजेंद्र श्रीधर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि कौस्तुभ मिश्रा ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास की भावना मजबूत करते हैं। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को प्रतिभा निखारने के साथ खेल भावना, टीमवर्क और राष्ट्रीय एकता का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने सफल आयोजन के लिए डीपीएस रुद्रपुर और आयोजन समिति की सराहना की।

प्रतियोगिता के अंडर-14 बालक वर्ग में सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल, ब्राह्मणवाला देहरादून, अंडर-14 बालिका वर्ग में शिव नाडर स्कूल फरीदाबाद, अंडर-17 बालक वर्ग में आर्मी पब्लिक स्कूल उत्तराखंड तथा अंडर-17 बालिका वर्ग में आईईएस पब्लिक स्कूल भोपाल ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब हासिल किया।

डीपीएस रुद्रपुर ने रचा इतिहास

अंडर-19 बालिका वर्ग में डीपीएस रुद्रपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। वेंकटेश्वर ग्लोबल स्कूल, सेक्टर-13 रोहिणी नई दिल्ली दूसरे और जेसीज पब्लिक स्कूल रुद्रपुर तीसरे स्थान पर रहा। डीपीएस रुद्रपुर की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल रहा।

अंडर-19 बालक वर्ग में पीएन नेशनल पब्लिक स्कूल, सदर गोरखपुर ने प्रथम, आर्मी पब्लिक स्कूल शंकर विहार नई दिल्ली ने द्वितीय और आदर्श इंटरनेशनल स्कूल नया रायपुर ने तृतीय स्थान हासिल किया।

विद्यालय के चेयरमैन सुरजीत सिंह ग्रोवर ने सभी विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और प्रतिभागी विद्यालयों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता खेल प्रतिस्पर्धा के साथ अनुशासन, समर्पण, राष्ट्रीय एकता और उत्कृष्टता का उत्सव रही। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले तकनीकी अधिकारियों, रेफरी, निर्णायकों, प्रशिक्षकों, टीम प्रबंधकों, स्वयंसेवकों और आयोजन समिति के सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि अंडर-19 बालिका वर्ग में राष्ट्रीय ओवरऑल चैंपियन बनना खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों और विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयास का परिणाम है।

22 राज्यों की सहभागिता वाली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने पूरे सप्ताह शानदार खेल भावना का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट व्यवस्थाओं और रोमांचक मुकाबलों के साथ प्रतियोगिता का समापन हुआ।

Advertisement
Advertisement
Advertisement