70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी, संगठन विस्तार पर जनसेवा सहायक पार्टी का जोर
रुद्रपुर। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में जनसेवा सहायक पार्टी की ओर से रुद्रपुर के एक निजी होटल में संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका और चुनावी तैयारियों को लेकर चर्चा की गई।
पार्टी नेताओं ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए बूथ और क्षेत्रीय स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाएगा। इसके साथ ही अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने और गांव-गांव तक संगठन की पहुंच बनाने पर जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर स्थानीय समस्याओं को समझने और उन्हें पार्टी के मंच पर उठाने का आह्वान किया गया।
पार्टी पदाधिकारियों ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड की सभी 70 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारने की तैयारी है। इसके लिए संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के साथ संभावित प्रत्याशियों और सक्रिय कार्यकर्ताओं की भूमिका तय करने की दिशा में भी काम किया जाएगा।
बैठक में बेरोजगारी, युवाओं का पलायन, महंगाई और भूमि संबंधी मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की बात कही गई। पार्टी नेताओं ने कहा कि इन मुद्दों को लेकर प्रदेशभर में जनता से संवाद किया जाएगा। युवाओं को संगठन से जोड़ने और रोजगार से जुड़े सवालों को प्रमुखता से उठाने पर भी जोर दिया गया।
पार्टी की ओर से मनीष गुप्ता को प्रदेश अध्यक्ष और रजनीश गंगवार को प्रदेश युवा प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी दिए जाने की घोषणा की जा चुकी है। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने की रणनीति पर चर्चा हुई। नेताओं ने कहा कि चुनावी तैयारी केवल प्रत्याशियों के चयन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर संगठन की सक्रियता बढ़ाने पर भी ध्यान दिया जाएगा।