*रैपिडो के निजी वाहनों से यात्री परिवहन पर कार्रवाई की मांग* *सुब्रत विश्वास के नेतृत्व में सैकड़ों टेंपो चालक पहुंचे आरटीओ कार्यालय, एआरटीओ को सौंपा ज्ञापन*

*रैपिडो के निजी वाहनों से यात्री परिवहन पर कार्रवाई की मांग*

*सुब्रत विश्वास के नेतृत्व में सैकड़ों टेंपो चालक पहुंचे आरटीओ कार्यालय, एआरटीओ को सौंपा ज्ञापन*
रुद्रपुर। रैपिडो के माध्यम से निजी वाहनों से यात्रियों का व्यावसायिक परिवहन किए जाने के आरोप को लेकर सोमवार को सीएनजी टेंपो एवं ऑटो चालकों ने आरटीओ कार्यालय पहुंचकर विरोध जताया। सीएनजी टेंपो यूनियन अध्यक्ष सुब्रत कुमार विश्वास के नेतृत्व में पहुंचे सैकड़ों चालकों ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी मोहित कोठारी को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।
टेंपो चालकों ने कहा कि वे कमर्शियल वाहनों का संचालन करते हुए परमिट, टैक्स, फिटनेस और बीमा समेत परिवहन विभाग के निर्धारित नियमों का पालन करते हैं। उनका आरोप है कि निजी वाहनों से यात्रियों का व्यावसायिक परिवहन होने से सीएनजी टेंपो, ऑटो और टैक्सी चालकों के रोजगार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
ज्ञापन में रुद्रपुर क्षेत्र में रैपिडो से जुड़े वाहनों की जांच कराने तथा नियमों का उल्लंघन कर निजी वाहनों से यात्रियों का व्यावसायिक परिवहन किए जाने पर संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। यूनियन ने रैपिडो को भी नियमों के अनुरूप संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश देने की मांग रखी।
सुब्रत कुमार विश्वास ने कहा कि उनका विरोध किसी कंपनी या व्यक्ति के खिलाफ नहीं है, बल्कि नियमों का पालन कर रोजगार करने वाले कमर्शियल वाहन चालकों के हितों को लेकर है। उन्होंने कहा कि चालकों के रोजगार और अधिकारों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यूनियन ने प्रशासन को समस्या के समाधान के लिए एक सप्ताह का समय दिया है। चेतावनी दी कि निर्धारित अवधि में कार्रवाई नहीं हुई तो सीएनजी टेंपो यूनियन अन्य चालक यूनियनों के साथ मिलकर आरटीओ कार्यालय के बाहर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करेगी।
इस दौरान उपाध्यक्ष कृपाल, इंद्रपाल, तपन विश्वास, सुनील हालदार, मोहन, अर्जुन नेगी, सलीम अहमद, राजेश सैनी, मुकेश, रोहित हालदार, विनोद कुमार, राजेश प्रजापति, कौशल, गजेंद्र, सत्येंद्र, सरताज, सोमपाल सहित बड़ी संख्या में टेंपो एवं ऑटो चालक मौजूद रहे।
Advertisement
Advertisement
Advertisement