*जानलेवा हमले का आरोपी तमंचे के साथ गिरफ्तार, खुद को गोली मारकर रची थी झूठी कहानी*

Spread the love

*जानलेवा हमले का आरोपी तमंचे के साथ गिरफ्तार, खुद को गोली मारकर रची थी झूठी कहानी*

बाजपुर। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली बाजपुर पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त .315 बोर का अवैध तमंचा और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी ने फायरिंग के बाद कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए खुद को भी गोली मारकर झूठी कहानी रचने का प्रयास किया था।

पुलिस के मुताबिक, 23 अगस्त को सर्वजोत सिंह उर्फ साब्बी ने ऋषिपाल नामक व्यक्ति पर जानलेवा नीयत से फायरिंग की थी। मामले में कोतवाली बाजपुर में एफआईआर संख्या 304/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि ऋषिपाल पर फायरिंग करने के बाद कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए उसने अपने साथी धीरेन्द्र सिंह की मदद से उसी तमंचे से अपने दाहिने पैर की जांघ पर गोली मार ली और खुद के साथ घटना होने की झूठी कहानी बनाने का प्रयास किया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर ग्राम रहेटा जाने वाली सड़क के किनारे ट्यूबवेल के पास से घटना में प्रयुक्त एक अवैध देशी तमंचा .315 बोर और दो खोखा कारतूस बरामद किए।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सर्वजोत सिंह उर्फ साब्बी पुत्र स्व. राजेन्द्र सिंह, निवासी ग्राम बिराहा फार्म, थाना बाजपुर, ऊधमसिंह नगर के रूप में हुई है। मामले में सह-अभियुक्त धीरेन्द्र सिंह पुत्र सोरन सिंह, निवासी बिराहा फार्म, बाजपुर को पुलिस 26 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज चुकी है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक नरेश चौहान, वरिष्ठ उपनिरीक्षक जसविन्दर सिंह, विवेचक उपनिरीक्षक संदीप शर्मा, अपर उपनिरीक्षक सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल प्रहलाद सिंह, कांस्टेबल बलवन्त सिंह और कांस्टेबल जीवन भट्ट शामिल रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *