*किसानों को मुआवजा दिलाने के साथ विशेष राहत पैकेज की पैरवी करेंगे महापौर* *डीएम से वार्ता के बाद एसडीएम के साथ प्रभावित खेतों का किया निरीक्षण, नुकसान का जल्द आकलन कराने की मांग* *मुख्यमंत्री के समक्ष रखेंगे आपदा से हुए नुकसान की पूरी स्थिति, किसानों को राहत दिलाने का दिया भरोसा*

*किसानों को मुआवजा दिलाने के साथ विशेष राहत पैकेज की पैरवी करेंगे महापौर*

*डीएम से वार्ता के बाद एसडीएम के साथ प्रभावित खेतों का किया निरीक्षण, नुकसान का जल्द आकलन कराने की मांग*

*मुख्यमंत्री के समक्ष रखेंगे आपदा से हुए नुकसान की पूरी स्थिति, किसानों को राहत दिलाने का दिया भरोसा*

रुद्रपुर। शुक्रवार को हुई भीषण ओलावृष्टि और तेज बारिश से धान की फसल को हुए भारी नुकसान के बाद महापौर विकास शर्मा ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर किसानों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने जिलाधिकारी नितिन भदौरिया से वार्ता कर फसलों के नुकसान का शीघ्र आकलन कराने और प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की मांग की। इसके बाद महापौर ने एसडीएम अमृता शर्मा और किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजेश बजाज के साथ खेतों में पहुंचकर फसलों की स्थिति का जायजा लिया। महापौर ने कहा कि प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने के साथ ही क्षेत्र के लिए विशेष राहत पैकेज की घोषणा कराने का भी प्रयास किया जाएगा।

महापौर विकास शर्मा ने बताया कि रुद्रपुर के ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा गदरपुर और बाजपुर विधानसभा क्षेत्रों में भी ओलावृष्टि से फसलों को व्यापक नुकसान पहुंचा है। कई खेतों में पककर तैयार खड़ी धान की फसल बुरी तरह प्रभावित हुई है। हालात की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि ओलावृष्टि के करीब पांच घंटे बाद भी कई स्थानों पर खेतों में बर्फ जमी हुई दिखाई दी। किसान धान की कटाई की तैयारी कर रहे थे, लेकिन ऐन वक्त पर मौसम की मार ने उनकी मेहनत और उम्मीदों को बड़ा झटका दिया है।

उन्होंने कहा कि फसल बर्बाद होने से किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है। यह नुकसान केवल फसल तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों की पूरे सीजन की मेहनत और उनके परिवारों की आजीविका से जुड़ा है। ऐसे में प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का वास्तविक आकलन कराकर किसानों को जल्द राहत दिलाना जरूरी है।

डीएम से वार्ता के बाद खेतों में पहुंचे महापौर

महापौर ने फसलों को हुए नुकसान के संबंध में जिलाधिकारी नितिन भदौरिया से वार्ता कर प्रभावित क्षेत्रों में जल्द सर्वे कराने और नुकसान के आधार पर किसानों को मुआवजा उपलब्ध कराने का आग्रह किया। जिलाधिकारी ने शीघ्र आकलन कराने की बात कही है।

इसके बाद महापौर एसडीएम अमृता शर्मा, किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजेश बजाज और अन्य लोगों के साथ प्रभावित खेतों में पहुंचे। उन्होंने मौके पर फसलों की स्थिति देखी और किसानों से बातचीत कर नुकसान की जानकारी ली। महापौर ने भरोसा दिलाया कि किसानों की समस्याओं को शासन और प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा। साथ ही सर्वे और मुआवजे की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो, इसके लिए भी प्रयास किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री के समक्ष रखेंगे आपदा की स्थिति

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के हितों के प्रति संवेदनशील है। ओलावृष्टि और बारिश से हुए नुकसान की पूरी जानकारी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी जाएगी। प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने के साथ ही क्षेत्र के लिए विशेष राहत पैकेज की घोषणा कराने की पैरवी भी की जाएगी।

उन्होंने कहा कि धामी सरकार किसानों को इस संकट की घड़ी में परेशान नहीं होने देगी। प्रशासन से नुकसान का सही आकलन कराकर प्रभावित किसानों तक समय पर राहत पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। महापौर ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को राहत दिलाना प्राथमिकता है और इसके लिए शासन-प्रशासन के स्तर पर प्रभावी पैरवी की जाएगी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement