*बेल्जियम में निकले 95 करोड़ के सोने के सिक्के और ईंटें, सीवर की खुदाई में मिला खजाना*
बेल्जियम में सीवर सिस्टम बनाने के लिए खुदाई कर रहे मजदूरों को जमीन के नीचे ऐसा खजाना मिला, जिसे देखकर उनकी आंखों पर यकीन करना मुश्किल हो गया. मजदूरों को खुदाई के दौरान सोने के सिक्के और सोने की ईंटें मिलीं.
बेल्जियम में एक इमारत की नींव की खुदाई में खूब सारे सोने के सिक्के मिले हैं. इस खजाने की कीमत का अंदाजा लगाया गया तो यह करीब 9 मिलियन यूरो यानी लगभग 95 करोड़ रुपये की निकली. 33 साल से कंस्ट्रक्शन के काम में जुटे साइट मैनेजर ने कहा कि उन्होंने अपनी जिंदगी में ऐसा नजारा पहले कभी नहीं देखा था. न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, यह मामला बेल्जियम के फ्लेमिश इलाके के सिंट-गिलिस-डेंडरमोंडे का है, जो राजधानी ब्रसेल्स से करीब 40 मिनट की दूरी पर है. यहां एक इमारत के रेनोवेशन का काम चल रहा था. मजदूरों की टीम को सीवर पाइप बिछाने के लिए इमारत की नींव के आसपास खुदाई करनी थी. उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि जमीन के नीचे उनके लिए करोड़ों का खजाना छिपा हुआ है।











