*SIR में अनावश्यक आपत्तियों का आरोप, कांग्रेस ने एडीएम को सौंपा ज्ञापन*
*पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता, निष्पक्ष जांच की मांग*
रुद्रपुर। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान वास्तविक मतदाताओं के खिलाफ कथित रूप से अनावश्यक आपत्तियां दर्ज किए जाने और नाम हटाए जाने की आशंका को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपर जिलाधिकारी (नजूल) उदय उपाध्याय से मुलाकात की और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने आरोप लगाया कि SIR प्रक्रिया के दौरान लंबे समय से मतदाता सूची में दर्ज वास्तविक नागरिकों के खिलाफ अनावश्यक आपत्तियां लगाए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों द्वारा निर्वाचन विभाग और प्रशासन को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है।
ठुकराल ने कहा कि किसी भी वास्तविक मतदाता का नाम गलत तरीके से मतदाता सूची से हटाने का प्रयास कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि मतदान का अधिकार प्रत्येक नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है और इसके साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि किसी नागरिक के मताधिकार को प्रभावित करने का प्रयास हुआ तो कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से उसका विरोध करेगी।
उन्होंने कहा कि कई नागरिकों के नाम पूर्व में दूसरी जगह स्थानांतरित हो चुके हैं। ऐसे मामलों में यदि कोई व्यक्ति दोबारा फर्जी तरीके से मतदाता पहचान पत्र बनवाने या मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने फर्जी दस्तावेजों अथवा गलत आपत्तियों के माध्यम से मतदाता सूची को प्रभावित करने के मामलों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से SIR के तहत दर्ज प्रत्येक आपत्ति की निष्पक्ष जांच कराने तथा उचित सत्यापन के बिना किसी भी वास्तविक मतदाता का नाम सूची से नहीं हटाने की मांग की। साथ ही आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
ज्ञापन देने वालों में कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ममता रानी, जगदीश, ज्योति टम्टा, दिनेश पंत, आनंद शमी, ज्योति, दिनेश कोली, मुनव्वर हुसैन, मुराद अली, रामकुमार गुप्ता, सतनाम सिंह मक्कड़, बंदी, उमा सरकार, राजू गुप्ता समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं नागरिक मौजूद रहे।








