*सिलेंडर फटने से झुलसे परिवार के तीन सदस्यों का महापौर ने जाना हाल*
*जिला अस्पताल में बर्निंग यूनिट स्थापित कराने के लिए मुख्यमंत्री से करेंगे मुलाकात*
रुद्रपुर। वार्ड नंबर एक स्थित शिमला बहादुर में गैस सिलेंडर फटने से एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे में गृहस्वामी नितेश ममगई, उनकी बेटी और बेटा घायल हुए हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही महापौर विकास शर्मा जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने पीएमएस डॉ. शर्मा तथा उपचार कर रहे डॉ. पांडे से बातचीत कर घायलों को तत्काल बेहतर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिला अस्पताल में बर्निंग यूनिट की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को विशेषज्ञ उपचार के लिए राममूर्ति अस्पताल रेफर कर दिया। महापौर के अनुसार, प्राथमिक उपचार के बाद फिलहाल सभी घायलों की स्थिति स्थिर है।
अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद महापौर विकास शर्मा ने कहा कि जिला मुख्यालय के अस्पताल में बर्निंग यूनिट और विशेषज्ञ चिकित्सकों की सुविधा का अभाव गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि ऐसी आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार मिल सके, इसके लिए वे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर जिला अस्पताल में अत्याधुनिक बर्निंग यूनिट स्थापित कराने और विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की मांग करेंगे।
महापौर ने लोगों से घरेलू गैस सिलेंडर के इस्तेमाल में विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि गैस के उपयोग में थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। इसलिए गैस सिलेंडर और चूल्हे का इस्तेमाल करते समय निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करना जरूरी है।







