*डिस्ट्रिक्ट योगा चैंपियनशिप में भानु प्रताप पब्लिक स्कूल का शानदार प्रदर्शन*
*दो स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य पदक किए अपने नाम, कई छात्र राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित*
बिलासपुर (रामपुर)। भानु प्रताप पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने भारतीम इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में आयोजित डिस्ट्रिक्ट योगा चैंपियनशिप-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में छात्रों ने अनुशासन, लचीलापन और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए विभिन्न वर्गों में पदक हासिल किए।
प्रतियोगिता में कक्षा आठ के मयंक जोशी और कक्षा चार की महिमा जोशी ने स्वर्ण पदक जीता। कक्षा चार की शानवी ने रजत पदक अपने नाम किया, जबकि कक्षा चार के देवांश, कक्षा सात की कृतिका तथा कक्षा छह की आरना ने कांस्य पदक प्राप्त किए।
विद्यालय के अनुसार छवि, हर्षिता, सौम्या, नैना, अक्षिता, समृद्धि, शिवन्या, वंश, यश, पीयूष गैरा, प्रभाष और अर्जुन को प्रतिभागिता प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय के कई छात्र देहरादून में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय योग चैंपियनशिप के लिए भी चयनित हुए हैं।
इस उपलब्धि पर विद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें प्रधानाचार्य ने विजेता एवं प्रतिभागी छात्रों को पदक और प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने सभी छात्रों को बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं तथा विश्वास व्यक्त किया कि विद्यार्थी भविष्य में भी विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।
प्रधानाचार्य ने योग प्रशिक्षक राजेंद्र, खेल शिक्षक सुनील सिंह एवं वंदना के मार्गदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षकों, स्टाफ और विद्यालय प्रबंधन के सामूहिक सहयोग से विद्यार्थियों की प्रतिभा को निरंतर निखारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ खेल और व्यक्तित्व विकास को भी समान महत्व देता है। विद्यालय परिवार ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।







