*बुजुर्ग महिला का सोने का कुंडल झपटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, कुंडल बरामद*
हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला के कान से सोने का कुंडल झपटकर फरार हुए दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से झपटा गया सोने का कुंडल भी बरामद कर लिया है। मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने 2,500 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।
पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई को जगतपुरम कॉलोनी, हिम्मतपुर मल्ला निवासी चम्पा देवी ने थाना मुखानी में तहरीर देकर बताया कि दो अज्ञात युवक उनकी सास के कान से सोने का कुंडल झपटकर फरार हो गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर एसपी सिटी मनोज कत्याल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी और एसओजी प्रभारी मोहन सिंह के नेतृत्व में मुखानी पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ तकनीकी सर्विलांस और मैनुअल पुलिसिंग की मदद से आरोपियों की पहचान की।
पुलिस टीम ने एक अगस्त को रिलायंस मॉल के पीछे स्थित आम के बगीचे से घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय (22) पुत्र शांति स्वरूप तथा सूरज जोशी (20) पुत्र नरेंद्र जोशी, दोनों निवासी वार्ड नंबर-1 एवं 8, बिल्सी, जनपद बदायूं (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपी अजय के कब्जे से झपटा गया सोने का कुंडल बरामद हुआ, जिसके आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कबाड़ बीनने का काम करते हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी अजय के विरुद्ध उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के सिविल लाइन थाने में पूर्व से एक मुकदमा दर्ज है। उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
घटना के सफल अनावरण में प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी, उपनिरीक्षक वीरेंद्र चंद, उपनिरीक्षक अविनाश मौर्य, एसओजी के हेड कांस्टेबल त्रिलोक रौतेला, हेड कांस्टेबल कुंदन कठायत, कांस्टेबल भूपेंद्र जेष्ठा, कांस्टेबल अशोक रावत सहित पुलिस एवं सर्विलांस टीम के अन्य कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने टीम की सराहना करते हुए 2,500 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की।







