*डीपीएस रुद्रपुर की छात्रा हर्षा ने बढ़ाया उत्तराखंड का मान, सीएम ने किया सम्मानित* *मुख्यमंत्री बोले—हर्षा की सफलता पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय*

Spread the love

मुख्यमंत्री धामी ने सीबीएसई टॉपर हर्षा अरिप्रसाथ को किया सम्मानित

500/500 अंकों की ऐतिहासिक उपलब्धि पर हर्षा अरिप्रसाथ का मुख्यमंत्री ने किया अभिनंदन

डीपीएस रुद्रपुर की शैक्षणिक उपलब्धि को मुख्यमंत्री ने सराहा

सीबीएसई टॉपर हर्षा बनी प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा: मुख्यमंत्री धामी

 

 

रुद्रपुर। सीबीएसई कक्षा 10 बोर्ड परीक्षा-2026 में 500 में से 500 अंक हासिल कर इतिहास रचने वाली दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), रुद्रपुर की छात्रा हर्षा अरिप्रसाथ को शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने कैंप कार्यालय में सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने हर्षा को स्मृति-चिह्न भेंट कर उसकी उत्कृष्ट उपलब्धि की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हर्षा की सफलता केवल उसकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड और ऊधम सिंह नगर के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से अर्जित यह सफलता प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि हर्षा की उपलब्धि से अन्य छात्र-छात्राएं भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित होंगे।

मुख्यमंत्री ने दिल्ली पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर की शैक्षणिक उपलब्धियों की सराहना करते हुए विद्यालय के चेयरमैन सुरजीत सिंह ग्रोवर, वाइस चेयरमैन हरमन सिंह ग्रोवर, प्रधानाचार्य चेतन चौहान, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय भविष्य में भी प्रतिभाशाली और संस्कारित विद्यार्थियों को तैयार कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करता रहेगा।

विद्यालय के चेयरमैन सुरजीत सिंह ग्रोवर ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश की प्रतिभाओं को सम्मानित करने की यह पहल विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और मनोबल को नई ऊर्जा प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि हर्षा की सफलता उसकी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। मुख्यमंत्री कार्यालय में मिला यह सम्मान विद्यालय और पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है।

उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल परीक्षा परिणामों तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को ज्ञान, संस्कार, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व से परिपूर्ण आदर्श नागरिक बनाना है। विद्यालय में शिक्षा के साथ खेल, कला, विज्ञान, तकनीक, व्यक्तित्व विकास और नैतिक शिक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है।

गौरतलब है कि डीपीएस रुद्रपुर की छात्रा हर्षा अरिप्रसाथ ने सीबीएसई कक्षा 10 बोर्ड परीक्षा-2026 में 100 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे ऊधम सिंह नगर और उत्तराखंड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। मुख्यमंत्री द्वारा किया गया सम्मान उनकी इस उपलब्धि को और अधिक गौरवपूर्ण बना गया।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *