*राहुल गांधी के कार्यक्रम की तैयारी के दौरान हादसा, कांग्रेस कार्यकर्ता की मौत*

Spread the love

*राहुल गांधी के कार्यक्रम की तैयारी के दौरान हादसा, कांग्रेस कार्यकर्ता की मौत*

देहरादून। कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के शुक्रवार को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले एक दर्दनाक हादसा हो गया। कार्यक्रम स्थल सनातन धर्म इंटर कॉलेज, बन्नू रेसकोर्स में तैयारियों के दौरान लोहे का एक पिलर गिरने से कांग्रेस कार्यकर्ता अमर सिंह मेहता की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम की तैयारियों के बीच अचानक लोहे का पिलर भरभराकर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से अमर सिंह मेहता गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए सीएमआई अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के न्यूरो सर्जन डॉ. महेश कुड़ियाल ने उनके निधन की पुष्टि की।

बताया गया कि अमर सिंह मेहता कांग्रेस के महानगर महामंत्री आलोक मेहता के पिता थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई।

हादसे के बाद कार्यक्रम स्थल पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पंडाल एवं मंच निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। साथ ही हादसे के कारणों की भी विस्तृत जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम शुक्रवार शाम बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित होना प्रस्तावित है। हादसे के बाद कार्यक्रम की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *