एसएसपी अजय गणपति की रणनीति से 12 घंटे में हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

12 घंटे में हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

रुद्रपुर। थाना किच्छा क्षेत्र में युवक की गोली मारकर हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद नेपाल भागने की फिराक में थे, लेकिन उन्हें धाधा फार्म क्षेत्र से दबोच लिया गया।

पुलिस के अनुसार 25 जून को महराया लालपुर रोड पर विक्रांत नामक युवक को 6-7 लोगों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। उसे उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों से होते हुए सुशीला तिवारी चिकित्सालय भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की मां कंचन की तहरीर पर थाना किच्छा में बंटी ठाकुर समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। विक्रांत की मृत्यु के बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 भी जोड़ दी गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में गठित पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 26 जून को धाधा फार्म क्षेत्र से वरुण कुमार (21) निवासी रामेश्वरपुर, किच्छा तथा सुशील (24) निवासी शिमला पिस्तौर, रुद्रपुर को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक विक्रांत और उनके बीच सोशल मीडिया पर चल रहे विवाद के कारण आपसी रंजिश बढ़ गई थी। इसी रंजिश के चलते उन्होंने फायरिंग की घटना को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी बंटी ठाकुर फिलहाल घायल अवस्था में उपचाराधीन है। उसकी चोटों की जांच कराई जा रही है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश और साक्ष्य संकलन की कार्रवाई जारी है।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *