*_पिता ने अपनी तीन बेटियों को काट डाला, पूरे परिवार को खत्म करने का था इरादा_*
गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह में दिल को झकझोर देने वाली घटना घटी है. यहां एक पिता ने अपनी तीन बेटियों की जान ले ली है. तीनों को धारदार हथियार से काटा गया है. घटना सोमवार की सुबह की है. मामले की जानकारी मिलने पर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव के साथ मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो मौके पर पहुंचे. जहां बेटियों की जान लेने वाले मुफ्फसिल थाना इलाके के तुरुकडीहा निवासी नंदू यादव को गिरफ्तार कर लिया है. एसडीपीओ जीतबाहन उरांव ने घटना की पुष्टि की है.
रात भर हंगामा और सुबह हत्या
बताया जा रहा है कि नंदू यादव ने जिन बेटियों की हत्या की है, उनमें दो बेटी जुडवां थी. मरने वालों में नाबालिग पल्लवी, 7 वर्षीय रिद्धि और सिद्धि शामिल हैं. लोगों का कहना है कि नंदू ऊर्फ नंदकिशोर यादव का किसी महिला से अफेयर चल रहा था. हालांकि इसकी पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है.
घरवालों का भी कहना है कि रात में नंदू शराब के नशे में घर पहुंचा था. रात भर हंगामा चला और फिर सुबह अपनी तीनों बेटियों को मार डाला. लोगों का यह भी कहना है कि नंदू घर के सभी सदस्यों को मारना चाहता था. हालांकि, उसकी पत्नी राधा देवी और बेटा पंटू यादव भागकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहे.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
इधर, घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. किस कमरे में हत्याकांड को अंजाम दिया गया है, उसे भी खंगाला गया है. फॉरेंसिक टीम भी पहुंची है. ब्लड सैंपल लिया गया है. मामले को लेकर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव ने कहा कि नंदू को गिरफ्तार कर लिया गया है. मौके से हथियार भी जब्त किया गया है. घटना कैसे हुई और इसकी वजह क्या है इस पर जांच चल रही है.







