एसएसपी अजय गणपति ने की मासिक अपराध समीक्षा, कानून व्यवस्था मजबूत करने के दिए निर्देश

Spread the love

एसएसपी अजय गणपति ने की मासिक अपराध समीक्षा, कानून व्यवस्था मजबूत करने के दिए निर्देश

मासिक अपराध समीक्षा में एसएसपी ने लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण पर दिया जोर

थानों में दर्ज मामलों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए तय होगी विवेचकों की जवाबदेही

साइबर ठगी से बचाव के लिए स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाने के आदेश

मादक पदार्थों और अवैध शराब तस्करों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाने के आदेश

गुंडा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई तेज करने को कहा एसएसपी ने

उत्कृष्ट कार्य करने वाले 18 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

 

रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने पुलिस कार्यालय रुद्रपुर में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, शाखा प्रभारियों एवं पुलिस कर्मियों के साथ मासिक अपराध समीक्षा बैठक एवं सम्मेलन आयोजित किया। बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण तथा कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विभागीय, व्यक्तिगत और पारिवारिक समस्याओं की जानकारी लेते हुए उनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि जनपद के सभी थानों में दर्ज अपराधों के मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा विवेचकों की व्यक्तिगत जवाबदेही तय की जाए।

बैठक में बीट अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर जनता से सीधा संवाद स्थापित करने, महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करने तथा बाहरी व्यक्तियों एवं किरायेदारों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही साइबर ठगी से बचाव के लिए स्कूल, कॉलेज एवं आमजन को जागरूक करने हेतु अधिक से अधिक गोष्ठियां आयोजित करने को कहा गया।

एसएसपी ने हिस्ट्रीशीटरों की लगातार निगरानी रखने, सक्रिय अपराधियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने तथा अवैध मादक पदार्थों और शराब की तस्करी में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित अभियानों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक में वर्तमान में संचालित ‘ऑपरेशन प्रहार’ एवं ‘ऑपरेशन लगाम’ की समीक्षा करते हुए थाना प्रभारियों को मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले अभियुक्तों के बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर उनके खिलाफ गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट एवं पिट एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करने तथा हिस्ट्रीशीट खोलने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा लंबित विवेचनाओं की नियमित समीक्षा के लिए पुलिस उपाधीक्षकों को समय-समय पर प्रगति की जानकारी लेने के निर्देश दिए गए। सम्मेलन के दौरान उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले 18 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *