किच्छा में एम्स बनेगा विकास का मील का पत्थर: भरत चौधरी
किच्छा। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी के किच्छा आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के नेतृत्व में उनका भव्य स्वागत किया। कैबिनेट मंत्री बनने के बाद पहली बार किच्छा पहुंचे चौधरी का स्वागत कार्यक्रम पूर्व विधायक शुक्ला के आवास पर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी ने कहा कि पूर्व विधायक राजेश शुक्ला किच्छा विधानसभा को अपने परिवार की तरह मानते हैं और इसी भावना के साथ क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में स्वीकृत विकास योजनाएं धरातल पर उतरने के बाद किच्छा के लिए मील का पत्थर साबित होंगी और क्षेत्र प्रदेश में विकास के मामले में अग्रणी स्थान प्राप्त करेगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। वर्ष 2017 से 2022 के दौरान सदन में पूर्व विधायक राजेश शुक्ला की सक्रिय भूमिका का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी योग्यता और प्रयासों से क्षेत्र के लिए सैकड़ों योजनाएं स्वीकृत हुईं, जिनका लाभ अब जनता को मिल रहा है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि किच्छा में एम्स जैसी महत्वपूर्ण परियोजना का स्वीकृत होना एक ऐतिहासिक कदम है। एम्स के संचालन शुरू होने के बाद क्षेत्र के लोगों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी और किच्छा को नई पहचान प्राप्त होगी।
वहीं, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार विकास और जनकल्याण के प्रति पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार के नेतृत्व में प्रदेश में ऐतिहासिक निर्णय लिए जा रहे हैं, जिससे हर वर्ग को लाभ मिल रहा है और किच्छा क्षेत्र तेजी से विकास की ओर अग्रसर है।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, धीरेंद्र मिश्रा, मंडल अध्यक्ष मयंक तिवारी, पिंकी डिमरी, महामंत्री मुकेश कोली, जितेंद्र गौतम, बिजेंद्र यादव, टीकम सिंह कोरंगा, हारून मलिक, इफ्तिखार मियां, रेनू यादव, कविता मान, मधु गुप्ता, शैल शुक्ला, मुकेश गुप्ता, नीतू सिंह, ग्राम प्रधान संघ अध्यक्ष वीरेंद्र यादव, ग्राम प्रधान कविता तिवारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







