“नशा मुक्त देवभूमि” अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई, 35 लाख की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
रुद्रपुर। उत्तराखंड में चल रहे “नशा मुक्त देवभूमि” अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के नेतृत्व में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) और रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने 103 ग्राम स्मैक के साथ दो शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई 26 मार्च 2026 को की गई। संयुक्त टीम ने रुद्रपुर-काशीपुर हाईवे स्थित सर्विस लेन पर बालाजी अपार्टमेंट के कट के पास एक अर्टिगा कार (संख्या UK06BN7474) को रोककर तलाशी ली, जिसमें से 103.23 ग्राम स्मैक बरामद हुई। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 35 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अमरजीत सिंह पुत्र सतपाल सिंह तथा सुखदेव सिंह पुत्र ज्ञान सिंह निवासी ग्राम खुशालपुर, चौकी सकेनिया, थाना गदरपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी लंबे समय से अवैध स्मैक तस्करी में लिप्त थे।
पुलिस ने बताया कि दोनों अभियुक्तों के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। अमरजीत सिंह पर एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट तथा अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं, वहीं सुखदेव सिंह के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य मामलों में अभियोग पंजीकृत हैं।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली रुद्रपुर में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियुक्तों से पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।







