*_पटना में 6 लोगों की दर्दनाक मौत, मनेर उर्स मेला से लौट रहे थे सभी_*
पटना: राजधानी पटना जिले के बिहटा थानाक्षेत्र में शनिवार की रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ है. परेव लेखन टोला पुल के पास तेज रफ्तार ट्रक ने एक ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत: इस हादसे में कुल 6 लोगों की जान चली गई, जबकि दो घायल हुए हैं जिनका इलाज पटना के पीएमसीएच में चल रहा है. मिली जानकारी के अनुसार, ऑटो में सवार सभी लोग मनेर में चल रहे उर्स मेले को देखने गए थे और रात में अपने घर भोजपुर जिला लौट रहे थे. परिवार के सदस्यों के साथ खुशी-खुशी मेला मनाने के बाद वे घर की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया. हादसा रात करीब 2 बजे के आसपास हुआ.
मृतकों में दो मासूम बच्चे भी शामिल: मृतकों में भोजपुर जिले के दौलतपुर, आरा के निवासी मो. इम्तियाज (30 वर्ष), पिता मो. अली, मो. गुड्डु (33 वर्ष), पिता मो. मुमताज, मो. सहजाद (22 वर्ष), पिता मो. समसाद शामिल हैं. इसके अलावा हादसे में दो मासूम बच्चे सफान (1 वर्ष) और अल्फी (2 वर्ष) की भी जान चली गई. नाजमी परवीन की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई. सभी मृतक आसपास के गांवों के बताए जा रहे हैं.
हादसे में पूरा परिवार खत्म: मृतका नाजमी परवीन मृतक मोहम्मद शहजाद की पत्नी थी. वहीं मृतक दोनों बच्चे इनके बेटा और बेटी थे. सभी मृतक दानापुर के लालकोठी में रहते थे. हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया. घरों में मातम छा गया और रिश्तेदारों-परिवारजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. छोटे-छोटे बच्चों की मौत ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है. लोग इस घटना को लेकर तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे: पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर दानापुर अस्पताल भेजा, जहां पोस्टमार्टम कराया गया. घायल दो लोगों का इलाज पटना के पीएमसीएच में जारी है. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.
पुलिस ने ट्रक चालत को किया गिरफ्तार: घटना की सूचना मिलते ही बिहटा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. टीम ने ट्रक को जब्त कर लिया और ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया. थानाप्रभारी अमित कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना शनिवार की रात 2 बजे के आसपास मिली. मौके पर पहुंचकर देखा गया कि पांच लोगों की मौत हो चुकी थी, जबकि तीन घायल थे. घायलों को तत्काल पटना पीएमसीएच रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान एक और व्यक्ति की मौत हो गई.
“पुलिस को सूचना मिली कि परेव लेखन टोला पुल के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो में टक्कर मार दी है. टक्कर लगने के बाद घटनास्थल पर पांच लोगों की मौत हो चुकी थी जबकि तीन लोग घायल थे. लेकिन सुबह इलाज के दौरान एक और की मौत हो गई है.”-अमित कुमार, थानाप्रभारी






