*_कर्नाटक की 10 करोड़ की ज्वेलरी लूट में बिहार कनेक्शन, फिल्मी स्टाइल में दरभंगा का बदमाश गिरफ्तार_*

Spread the love

*_कर्नाटक की 10 करोड़ की ज्वेलरी लूट में बिहार कनेक्शन, फिल्मी स्टाइल में दरभंगा का बदमाश गिरफ्तार_*

दरभंगा: कर्नाटक के मैसूर जिले के हुनासुर कस्बे में 28 दिसंबर 2025 को हुई करीब 10 करोड़ की ज्वेलरी लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. इस हाई-प्रोफाइल वारदात में शामिल एक मुख्य आरोपी ऋषिकेश कुमार उर्फ छोटू सिंह को कर्नाटक पुलिस की स्पेशल टीम ने बिहार के दरभंगा जिले के हायाघाट थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया. यह गिरफ्तारी फिल्मी स्टाइल में की गई है.

5 मिनट में 10 करोड़ की ज्वेलरी लूटी: वारदात के दिन दोपहर करीब 2:04 बजे लुटेरे दो बाइकों पर सवार होकर हुनासुर स्थित स्काई गोल्ड ज्वेलरी शोरूम में दाखिल हुए. मात्र 5 मिनट के अंदर उन्होंने 8 किलो 34 ग्राम सोने और हीरे के आभूषण लूट लिए और फरार हो गए. लूट की कुल अनुमानित कीमत करीब 10 करोड़ रुपये बताई गई. शोरूम मालिक ने तुरंत हुनासुर थाना में एफआईआर दर्ज कराई, जिसके बाद मामले की जांच शुरू हुई.

पांच स्पेशल टीमों ने की गहन जांच: मैसूर पुलिस ने इस मामले की जांच के लिए डिप्टी एसपी के नेतृत्व में पांच इंस्पेक्टरों की पांच विशेष टीमें गठित की. सीसीटीवी फुटेज की मदद से लुटेरों की पहचान की गई. जांच के दौरान नवगछिया थाना क्षेत्र (भागलपुर) निवासी पंकज सिंह उर्फ सतुआ का नाम सामने आया, जिसे कर्नाटक एसटीएफ, पटना एसटीएफ और भागलपुर एसटीएफ की संयुक्त टीम ने पहले गिरफ्तार किया. पंकज की पूछताछ में छोटू सिंह का नाम निकला, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई हुई.

 

फिल्मी अंदाज में पुलिस की एक सप्ताह की रैकी: कर्नाटक पुलिस की स्पेशल टीम ने पिछले करीब एक सप्ताह से हायाघाट क्षेत्र में सिविल ड्रेस में गहन रैकी की. पुलिसकर्मी कभी आम नागरिक बनकर बैंक जाते, कभी खेतों में घूमते, कभी आम के बगीचों में रात गुजारते, तो कभी मछली बेचते या ताश खेलते नजर आए. इस दौरान किसी को शक तक नहीं हुआ कि ये लोग पुलिस जवान हैं. लोकेशन और गतिविधियों की पूरी पुष्टि के बाद कार्रवाई की गई.

ताश खेलते हुए दबोचा गया आरोपी: सारी तैयारियां पूरी होने के बाद करीब 12 पुरुष पुलिसकर्मियों और एक महिला पुलिसकर्मी की टीम ने छोटू सिंह को उस समय गिरफ्तार किया, जब वह दोस्तों के साथ ताश खेल रहा था. यह गिरफ्तारी बेहद सतर्क और योजनाबद्ध तरीके से की गई, जिसे पुलिस ने अपनी खास सफलता बताया है. दोनों आरोपियों से लूट के सोने-हीरे की बरामदगी के लिए पूछताछ जारी है और आगे बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.

छोटू सिंह का आपराधिक इतिहास: ऋषिकेश कुमार उर्फ छोटू सिंह पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट शामिल हैं. वह दिल्ली में ऑटो चलाकर गुजारा करता था और लोन पर उसने ऑटो लिया था, जिससे हुई कमाई को गांव भेजता था. पुलिस जांच में उसका इंटरस्टेट क्राइम नेटवर्क भी सामने आ रहा है.

पत्नी ने पति को बताया निर्दोष: गिरफ्तार छोटू सिंह की पत्नी ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए अपने पति को निर्दोष करार दिया है. उसने बताया कि दोनों ने करीब 8 वर्ष पहले दिल्ली में कोर्ट मैरिज की थी. उसके पहले पति की मौत हो चुकी है और पहले पति से उसकी तीन संतानें है, जो अपने दादा के साथ रहते है. उसने दावा किया कि छोटू सिंह ईमानदारी से ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण कर रहा था.

“मेरे पति निर्दोष हैं. पति छोटू सिंह दिल्ली में ऑटो चलाते थे. उन्होंने वाहन लोन पर ऑटो लिया था और उसी से जो कमाई होती थी, वह पैसा गांव भेजते थे.”-छोटू सिंह की पत्नी

आगे की जांच में बड़े खुलासे का इंतजार: हायाघाट के थाना प्रभारी रविंद्र कुमार का कहना है कि दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है. लूटे गए आभूषणों की बरामदगी के साथ ही मास्टरमाइंड और अन्य साथियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है. यह मामला इंटरस्टेट क्राइम के खिलाफ पुलिस की सजगता को दिखा रहा है और जल्द ही और गिरफ्तारियां होने की उम्मीद है.

“दोनों आरोपियों से लूट के सोने की बरामदगी को लेकर पूछताछ जारी है. आगे और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं.”-रविंद्र कुमार, थाना प्रभारी, हायाघाट


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *