*_पुष्पा 2: संध्या थिएटर भगदड़ केस, एक्टर अल्लू अर्जुन समेत 23 लोगों को बनाया आरोपी_*
हैदराबाद: तेलंगाना में स्थित संध्या थियेटर में फिल्म ‘पुष्पा 2 द रूल’ की स्क्रीनिंग के दौरान हुई भगदड़ मामले में सुपरस्टार अल्लू अर्जुन की मुश्किलें बढ़ती दिखाई दे रही है. हैदराबाद पुलिस ने मामले में चार्जशीट दायर कर दी है. इस केस में अल्लू अर्जुन समेत 23 लोगों को आरोपी बनाया गया है.
मामले में अल्लू अर्जुन का नाम चार्जशीट में A-11 के तौर पर शामिल किया गया है. 4 दिसंबर, 2024 को रात करीब 9:30 बजे हैदराबाद के आरटीसी चौराहे पर संध्या थिएटर में उस समय भगदड़ मच गई, जब फैंस फिल्म के हीरो अल्लू अर्जुन को देखने के लिए दौड़ पड़े. अल्लू अर्जुन पुष्पा-2 के बेनिफिट शो के लिए आए थे.
भीड़ को कंट्रोल करने की कोशिश में पुलिस ने लाठीचार्ज किया, इस दौरान रेवती (35) नाम की एक महिला और उसका बेटा श्री तेजा (9) गिर गए और भीड़ ने उन्हें कुचल दिया. गंभीर चोटों के कारण दोनों बेहोश हो गए.पुलिस ने तुरंत उन्हें एक तरफ किया और CPR किया। उन्हें RTC चौराहे पर एक प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान मां की मौत हो गई. बेटे की हालत गंभीर होने पर उसे NIMS में शिफ्ट किया गया.परिवार के कुल चार लोग पुष्पा-2 मूवी देखने आए थे, लेकिन मां और बेटा भगदड़ में फंस गए. इस घटना में मां की मौत से बहुत दुख हुआ है। भगदड़ में कई और लोगों को मामूली चोटें आईं. चिक्कड़पल्ली पुलिस ने इस घटना के बारे में केस दर्ज किया है.






