*टूरिस्ट बस से 348 कनस्तर अवैध लीसा बरामद, चार तस्कर गिरफ्तार*

Spread the love

*टूरिस्ट बस से 348 कनस्तर अवैध लीसा बरामद, चार तस्कर गिरफ्तार*

बाजपुर। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत बाजपुर पुलिस ने अवैध लीसा तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने टूरिस्ट बस से 348 कनस्तर अवैध लीसा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10.50 लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में प्रयुक्त टूरिस्ट बस को भी सीज कर दिया गया है।

त्योहारी सीजन को देखते हुए जिले में संदिग्ध व्यक्तियों, वस्तुओं और वाहनों की सघन चेकिंग के निर्देश एसएसपी अजय गणपति ने दिए हैं। इसी क्रम में एसपी काशीपुर और सीओ बाजपुर के निर्देशन में बाजपुर कोतवाली पुलिस की टीम सुल्तानपुर पट्टी चौकी क्षेत्र के छोई मोड़ पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने टूरिस्ट बस संख्या UK12-PB-0381 को रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान बस की सभी सीटें उखड़ी हुई मिलीं और अंदर काली पन्नी बिछाई गई थी। पन्नी हटाने पर बड़ी संख्या में लीसे के कनस्तर बरामद हुए। बस की डिग्गी की तलाशी लेने पर वहां भी लीसे के कनस्तर मिले। गिनती करने पर कुल 348 कनस्तर अवैध लीसा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बरामद लीसा मनोज रावत निवासी छड़ोजा, लमगड़ा, अल्मोड़ा का है। इसे द्वाराहाट, अल्मोड़ा से बस में भरकर पुलभट्टा टोल प्लाजा के पास पालम सिटी, हल्द्वानी निवासी पप्पू पाठक की कंपनी उत्तरांचल टेरपीन प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड में पहुंचाया जाना था। आरोपियों ने बताया कि माल सुरक्षित पहुंचाने के बाद उन्हें कमीशन मिलना था।

पुलिस ने लीसा के परिवहन से संबंधित वैध रवन्ना, लाइसेंस और बस के जरूरी कागजात मांगे, लेकिन आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद चारों को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह बिष्ट की तहरीर पर कोतवाली बाजपुर में एफआईआर संख्या 309/2026, धारा 26/52 वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपी

मनोज सिंह (35) निवासी विठोरिया नंबर-1, हल्द्वानी; भवान सिंह (42) निवासी देवली, लमगड़ा, अल्मोड़ा; हेमचंद्र महतोलिया (39) निवासी गांधीनगर नंबर-2, बिंदुखत्ता, लालकुआं; तथा पान सिंह (60) निवासी जैती, लमगड़ा, अल्मोड़ा।

बरामदगी

348 कनस्तर अवैध लीसा, अनुमानित कीमत 10.50 लाख रुपये तथा तस्करी में प्रयुक्त टूरिस्ट बस संख्या UK12-PB-0381।

पुलिस टीम

चौकी प्रभारी सुल्तानपुर पट्टी एसआई सुरेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल जगत सिंह अधिकारी, कांस्टेबल नवल किशोर, कैलाश काला और रमेश पांडे शामिल रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *