महिला आरक्षण बिना शर्त लागू हो, परिसीमन की शर्त साजिश: अमनदीप कौर
रुद्रपुर, 19 अप्रैल। महिला संगठन ऐपवा की नेता एवं प्रदेश बार काउंसिल सदस्य अमनदीप कौर ने महिला आरक्षण बिल के साथ परिसीमन की शर्त जोड़ने को साजिश करार देते हुए वर्तमान लोकसभा सीटों पर ही आरक्षण लागू करने की मांग की है।
प्रेस को जारी बयान में उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महिला आरक्षण को लागू करने के प्रति गंभीर नहीं है और इसका ठीकरा विपक्ष पर फोड़ने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐपवा सहित विभिन्न महिला संगठनों और विपक्षी दलों ने वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव से ही महिला आरक्षण लागू करने की मांग की थी, लेकिन सरकार ने इसे जनगणना और परिसीमन से जोड़ दिया।
अमनदीप कौर ने कहा कि वर्तमान 543 लोकसभा सीटों पर आरक्षण लागू करने के बजाय सरकार परिसीमन के बाद सीटों की संख्या बढ़ाकर इसे लागू करना चाहती है, जिससे राजनीतिक संतुलन प्रभावित हो सकता है। उनका आरोप है कि प्रस्तावित परिसीमन के बाद सीटों में बढ़ोतरी कुछ राज्यों में अधिक होने से चुनावी लाभ एक पक्ष को मिल सकता है, जबकि अन्य राज्यों को नुकसान उठाना पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि संसद के विशेष सत्र में परिसीमन से जुड़े प्रस्ताव लाने का समय भी सवालों के घेरे में है। कौर ने विभिन्न चर्चित आपराधिक मामलों का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार पर महिला सुरक्षा के मुद्दे पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला एसोसिएशन (ऐपवा) संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को आरक्षण देने के पक्ष में है, लेकिन इसके लिए जनगणना और परिसीमन की शर्त को उचित नहीं मानती।
अंत में उन्होंने बिना शर्त महिला आरक्षण लागू करने की मांग दोहराते हुए परिसीमन से जुड़े प्रस्तावों का विरोध किया।







